Loading...
राजपाल यादव बोले- दुनिया का दिल जीतने वाला 5 करोड़ की धोखाधड़ी करेगा? ये पागलपन है
राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले पर दिया बड़ा बयान

राजपाल यादव बोले- दुनिया का दिल जीतने वाला 5 करोड़ की धोखाधड़ी करेगा? ये पागलपन है

Oct 18, 2026
09:56 am

क्या है खबर?

14 साल पुराने चेक बाउंस मामले में अभिनेता राजपाल यादव का बड़ा बयान सामने आया है। हालिया बातचीत के दौरान राजपाल ने खुद पर लगे धोखाधड़ी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वो सुप्रीम कोर्ट के आभारी हैं और मध्यस्थता के जरिए कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, वो उन्हें पूरी तरह मंजूर होगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वो सिर्फ रील्स में एक्टिंग करते हैं, असल जिंदगी से कभी खिलवाड़ नहीं करते।

बयान

"बात 5 करोड़ की होती तो निपट जाती"

ANI से राजपाल ने कहा, "आपने 12 से 14 साल तक केवल एक ही पारी देखी है, लेकिन जब तक दूसरी पारी को ठीक से नहीं सुना जाता, मामला कैसे सुलझ सकता है? बात सिर्फ 5 करोड़ रुपये की होती तो निपटारा हो चुका होता, असल मुद्दा 22 करोड़ का है। 5 करोड़ ने 22 करोड़ का नुकसान कर दिया। इतना बड़ा नुकसान सहने के बाद भी मैं एक ऐसा अभिनेता हूं, जो दुनियाभर में लोगों के बीच जाता है।"

धोखाधड़ी

"चेक और समझौते हैं तो धोखाधड़ी कैसी?"

राजपाल बोले, "मुझ पर तीन आरोप लगाए गए थे कि राजपाल ने 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की, राजपाल ने लोन लिया और राजपाल ने एक बिजनेसमैन को धोखा दिया। राजपाल को समझ नहीं आता कि इन सारे चेकों के होते हुए उसने धोखाधड़ी कैसे की? जब इतने समझौते मौजूद हैं तो धोखाधड़ी का सवाल ही नहीं उठता और जो इंसान पूरी दुनिया का दिल जीत चुका हो, क्या वो 5 करोड़ का फ्रॉड करेगा? ये बिल्कुल मानसिक पागलपन है।"

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए राजपाल का वीडियो

ADVERTISEMENT

निर्णय

कोर्ट का हर फैसला सिर माथे, मध्यस्थता पर बोले राजपाल

राजपाल ये भी बोले कि वो जारी चेक बाउंस मामले में मध्यस्थता के दौरान अपना पक्ष रखेंगे।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, वो उन्हें पूरी तरह स्वीकार होगा।

राजपाल बोले कि वो जिंदगी में हमेशा फैसला चाहते हैं। मध्यस्थता का ये अच्छा मौका है और दोनों पक्षों को सुनने के बाद जो भी निर्णय होगा, वो उन्हें कल भी मंजूर था, आज भी मंजूर है और आगे भी मंजूर रहेगा।

दो टूक

रील में एक्टिंग करता हूं, रियल लाइफ से खिलवाड़ नहीं- राजपाल

राजपाल ने सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि अदालत में कोई ड्रामा नहीं है।

उन्होंने कहा, "मैं 42 साल से एक्टिंग कर रहा हूं, मेरा पेट भरा है। अगर ये ड्रामा है तो विरोधी पक्ष या गवर्नर जिम्मेदार हैं, जिन्हें बेनकाब करना जरूरी है।"

राजपाल ने जोर देकर कहा कि वे रील्स में एक्टिंग करते हैं, लेकिन असल जिंदगी को गंभीरता से जीते हैं और असली जिंदगी से कभी खिलवाड़ नहीं करते।

ADVERTISEMENT