'12वीं फेल' के बाद राजकुमार हिरानी के हीरो बने विक्रांत मैसी, रणबीर कपूर भी आएंगे नजर
फिल्म 'लुटेरा' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता विक्रांत मैसी मौजूदा वक्त में अपनी फिल्म '12वीं फेल' की सफलता का आनंद उठा रहे हैं। विधु विनोद चोपड़ा द्वारा निर्देशित इस फिल्म को दर्शकों का बेशुमार प्यार मिल रहा है। '12वीं फेल' की कहानी और विक्रांत की अदाकारी को समीक्षकों से लेकर बड़े-बड़े सितारों तक से शानदार प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। अब '12वीं फेल' की सफलता के बीच विक्रांत के हाथ एक और बड़ी फिल्म लग रही है।
विक्रांत की अदाकारी के मुरीद हुई हिरानी
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, '12वीं फेल' देखने के बाद राजकुमार हिरानी, विक्रांत की अदाकारी के मुरीद हो गए हैं। यही वजह है कि निर्देशक अभिनेता के साथ एक फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं, जिसमें रणबीर कपूर भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि, अभी इस खबर की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। हिरानी इन दिनों अपनी फिल्म 'डंकी' को लेकर चर्चा में हैं, जो 22 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें शाहरुख खान मुख्य भूमिका में हैं।
इन फिल्मों में नजर आएंगे विक्रांत मैसी
आने वाले दिनों में विक्रांत एक से बढ़कर एक फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाएंगे। आने वाले दिनों में वह 'यार जिगरी' में नजर आएंगे। इसके अलावा विक्रांत फिल्म 'सेक्टर 36' का हिस्सा हैं। 'फिर आई हसीन दिलरूबा' भी विक्रांत के खाते से जुड़ी है। यह फिल्म 2021 में आई फिल्म 'हसीन दिलरुबा' का सीक्वल है। इसमें उनकी जोड़ी तापसी पन्नू के साथ बनी है। सनी कौशल भी फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
'12वीं फेल' का कारोबार यहां जानिए
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म '12वीं फेल' अब तक 24.17 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी है। यह फिल्म अनुराग पाठक के इसी नाम से आए लोकप्रिय उपन्यास पर आधारित है। इसमें मेधा शंकर, हरीश खन्ना और प्रियांशु चटर्जी भी हैं।