'जेलर 2' ने रचा इतिहास, रजनीकांत ने पक्की की तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी OTT डील
क्या है खबर?
साल 2023 में रिलीज हुई 'जेलर' 600 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई के साथ सुपरस्टार रजनीकांत के करियर की दूसरी सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनी थी। अब वो अपनी इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल 'जेलर 2' लेकर आ रहे हैं, जिसने रिलीज से पहले ही धमाका कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की इस फिल्म के OTT राइट्स अमेजन प्राइम वीडियो ने रिकॉर्ड कीमत पर खरीदे हैं।
सौदा
अमेजन प्राइम वीडियो ने 160 करोड़ में खरीदे OTT राइट्स
रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' ने रिलीज से पहले ही नया रिकॉर्ड बना दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेजन प्राइम वीडियो ने इसके पोस्ट-थिएट्रिकल OTT राइट्स 160 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदे हैं।
ये तमिल सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी और महंग डिजिटल डील मानी जा रही है, जो रजनीकांत के स्टारडम को दर्शाती है।
बता दें कि 'जेलर' (2023) के डिजिटल राइट्स भी अमेजन प्राइम वीडियो के पास ही थे।
रिकॉर्ड
थलापति विजय का रिकॉर्ड टूटा
इस सौदे ने तमिल सिनेमा के अन्य सितारों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड थलापति विजय की फिल्मों के नाम था। उनकी फिल्म 'लियो' के OTT राइट्स नेटफ्लिक्स ने करीब 120 से 125 करोड़ में खरीदे थे। विजय की ही दूसरी फिल्म GOAT के डिजिटल राइट्स लगभग 110 से 125 करोड़ रुपये के बीच बिके थे।
साल 2023 में आई 'जेलर' के डिजिटल राइट्स भी अमेजन प्राइम वीडियो ने ही करीब 100 करोड़ रुपये में खरीदे थे।
रिलीज
15 अक्टूबर को धमाका करेंगे रजनीकांत
'जेलर 2' में रजनीकांत फिर 'मुथुवेल पांडियन' के अपने कालजयी किरदार में लौट रहे हैं और नेल्सन दिलीपकुमार ने ही इसके निर्देशन की कमान संभाली है।
इस सीक्वल को पहले से भी काफी बड़े पैमाने पर बनाया जा रहा है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है।
निर्माताओं ने इसके लिए 15 अक्टूबर की रिलीज तारीख भी तय कर दी है। ऐसे में रिलीज से ठीक पहले इतनी बड़ी OTT डील होना निर्माताओं के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।