
राहुल गांधी को पसंद आई प्रतीक गांधी की फिल्म 'फुले', लिखा- ऐसी फिल्में और बननी चाहिए
क्या है खबर?
अभिनेता प्रतीक गांधी की फिल्म 'फुले' 25 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें उनकी जोड़ी राजकुमार राव की पत्नी और अभिनेत्री पत्रलेखा के साथ बनी है। महात्मा ज्योतिराव फुले की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म की कहानी और दोनों सितारों की अदाकारी को काफी पसंद किया गया था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह मुंह के बल गिरी। अब हाल ही में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने फिल्म 'फुले' देखी और इसकी सराहना की।
वीडियो
राहुल ने साझा किया वीडियो
राहुल ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है। उन्होंने लिखा, 'फुले सिर्फ फिल्म या जीवनी नहीं, बहुजन समाज के उस इतिहास को मान्यता देने की एक अच्छी पहल है, जो हमारी शिक्षा की मुख्यधारा से गायब है। ऐसी फिल्में और बननी चाहिए जो बहुजन इतिहास और संघर्ष को सामने लाएं। उन्हें देखकर, पढ़कर और पहचानकर ही न्याय की आवाज और बुलंद होगी।' बता दें कि 'फुले' ने बॉक्स ऑफिस पर 6.21 करोड़ रुपये कमाए थे।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
'Phule' सिर्फ़ फ़िल्म या जीवनी नहीं, बहुजन समाज के उस इतिहास को मान्यता देने की एक अच्छी पहल है, जो हमारी शिक्षा की मुख्यधारा से गायब है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 20, 2025
ऐसी फ़िल्में और बननी चाहिए जो बहुजन इतिहास और संघर्ष को सामने लाएं - उन्हें देखकर, पढ़कर और पहचानकर ही न्याय की आवाज़ और बुलंद होगी। pic.twitter.com/OrCBvdkmkN
कहानी
महान समाज सुधारक थे ज्योतिराव फुले
'फुले' की कहानी महात्मा ज्योतिराव फुले की जिंदगी पर आधारित है। वह एक महान समाज सुधारक, लेखक, क्रांतिकारी और दार्शनिक थे। उन्होंने छुआछूत के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की थी। विधवा महिलाओं के उत्थान के लिए उन्होंने लंबा संघर्ष किया था। प्रतीक फिल्म में फुले का किरदार निभा रहे हैं, वहीं पत्रलेखा फुले की पत्नी सावित्रीबाई फुले बनी हैं। रिलीज से पहले फिल्म को लेकर काफी विवाद हुआ है, जिसके चलते कई बार इसकी रिलीज तारीख को टाला गया।