Page Loader
राधिका आप्टे 2 घंटे तक बिना पानी और प्रसाधन के एयरपोर्ट पर फंसीं, सुनाई आपबीती
मुंबई एयरपोर्ट पर फंसीं राधिका आप्टे (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@radhikaofficial )

राधिका आप्टे 2 घंटे तक बिना पानी और प्रसाधन के एयरपोर्ट पर फंसीं, सुनाई आपबीती

Jan 13, 2024
02:25 pm

क्या है खबर?

एयरलाइंस और उनकी खराब सेवाओं का खामियाजा यात्री अक्सर भुगतते हैं। शिकायत करने पर भी जब एयरलाइन स्टाफ उनकी बात नहीं सुनते, तो यात्रियों के पास असहाय महसूस करने के अलावा कोई रास्ता नहीं होता है। आम लोग ही नहीं, कई बार फिल्म सितारे भी ऐसी परेशानियों का सामना करते हैं। ऐसा ही एक वाकया राधिका आप्टे ने इंस्टाग्राम पर साझा किया है। उन्होंने बताया है कि वह कई यात्रियों के साथ एयरोब्रिज में फंसी हुई हैं।

मामला

एयरोब्रिज में फंसी रहीं राधिका

राधिका ने इंस्टाग्राम पर बाताया कि उनकी सुबह 8:30 बजे की फ्लाइट थी। एयरलाइन में बोर्डिंग के लिए सभी यात्रियों को एयरोब्रिज (फ्लाइट तक जाने वाला सुरंग जैसा रास्ता) में भेज दिया। यहां पहुंचने पर पता चला कि फ्लाइट में बोर्डिंग शुरू ही नहीं हुई है। राधिका ने यह पोस्ट फ्लाइट के समय के 2 घंटे बाद लिखा था। 2 घंटे से सभी यात्री बिना पानी या प्रसाधन की सुविधा के इसी सुरंग में फंसे थे।

मुश्किल

स्टाफ ने नहीं किया सहयोग

राधिका ने आगे बताया कि उनके साथ मौजूद यात्रियों में कई लोगों के साथ छोटे बच्चे और बुजुर्ग हैं। एयरलाइन स्टाफ को खुद कुछ समझ नहीं आ रहा है। उन्हें बताया गया है कि फ्लाइट का क्रू अब तक पहुंचा नहीं है। राधिका ने लिखा, "किसी को नहीं पता यहां कब तक फंसे रहेंगे। मैंने एक बेवकूफ महिला स्टाफ से बात की, जो कह रही हैं कि कोई देरी नहीं हुई है और कोई भी समस्या नहीं है।"

प्रतिक्रिया 

लोगों ने दी तरह-तरह की प्रतिक्रिया

राधिका के पोस्ट पर अभिनेत्री अक्षरा हासन ने लिखा, 'मुंबई एयरपोर्ट पर आपका स्वागत है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है।' अन्य लोग भी राधिका के पोस्ट पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या लोगों को पता है कि उनके साथ एक फिल्म स्टार फंसी हुई है? एक यूजर ने एयरलाइन के पक्ष में लिखा कि स्टाफ पर काफी दबाव है। उत्तर भारत में कोहरे की वजह से कई फ्लाइट प्रभावित हुई हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

राधिका ने बयां की मुसीबत

फिल्में 

इन फिल्मों में नजर आएंगी राधिका

राधिका शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म 'मेरी क्रिसमस' में नजर आई हैं। इसके पहले राधिका पिछले साल ZEE5 पर आई 'मिसेज अंडरकवर' में नजर आई थीं। उनके आने वाले प्रोजेक्ट की बात करें तो वह यशराज फिल्म्स की अगली वेब सीरीज 'अक्का' में नजर आएंगी। इस सीरीज में वह कीर्ति सुरेश के साथ नजर आने वाली हैं। इसके अलावा वह टिस्का चोपड़ा की थ्रिलर फिल्म 'द ट्रेन फ्रॉम छपरोला' का हिस्सा हैं।