प्रियंका ने ऑस्कर नॉमिनेटेड फिल्म 'बिट्टू' के मुख्य कलाकारों की शिक्षा के लिए की अनोखी पहल
क्या है खबर?
प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी अमिट छोप छोड़ी है। वह फिल्मों के अलावा सामाजिक कार्यों को लेकर भी सुर्खियों में छायी रहती हैं।
अब एक वीडियो सामने आया है जिसमें प्रियंका ने ऑस्कर नॉमिनेटेड फिल्म 'बिट्टू' के मुख्य कलाकारों की शिक्षा के लिए एक अनोखी पहल की शुरुआत की है।
शॉर्ट फिल्म 'बिट्टू' में मुख्य भूमिका में दिखने वाली दोनों बहनें रानी और रेणु की शिक्षा के लिए प्रियंका ने आर्थिक मदद की अपील की है।
जानकारी
रानी और रेणु की शिक्षा के लिए फंड की व्यवस्था करेंगी प्रियंका
प्रियंका ने वीडियो में 'बिट्टू' में मुख्य भूमिका में दिखने वाली बहनों की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि इन दोनों बहनों ने उनका दिल जीता है।
प्रियंका कहती हैं कि ये आठ और दस साल की बहनों ने कभी कैमरा फेस नहीं किया होगा। इसके बावजूद इन्होंने अभिनय से सभी को प्रभावित किया।
इस कड़ी में उन्होंने बताया कि 'इंडियन वूमन राइजिंग' की तरफ से रानी और रेणु के लिए फंड इकट्ठा करने की कोशिश की जा रही है।
सूचना
उत्तराखंड के सामान्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं 'बिट्टू' की कलाकार
उत्तराखंड की रहने वाली ये बहनें काफी सामान्य परिवार से आती हैं। इसके कारण इनको समुचित शिक्षा भी नहीं मिल पा रही है।
इसी को ध्यान में रख कर प्रियंका ने फंड देने की बात कही है। वह खुद भी फंड का व्यवस्था करेंगी और लोगों से भी सहयोग की अपील कर रही हैं।
प्रियंका ने वीडियो के जरिए सभी से फिल्म 'बिट्टू' देखने की अपील की है। उनका मानना है कि यह फिल्म लोगों को निराश नहीं करेगी।
किरदार
'बिट्टू' में इन बहनों ने निभाया था बिट्टू और चांद का किरदार
फिल्म 'बिट्टू' का निर्देशन करिश्मा दूबे द्वारा किया गया है। 'बिट्टू' 'बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म' श्रेणी में 93वें अकादमी पुरस्कार के लिए नामांकित हुई थी।
इस फिल्म के लिए करिश्मा को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला था। फिल्म में इन दोनों बहनों ने बिट्टू और चांद का किरदार निभाया था।
प्रियंका ने कहा कि जब उन्होंने यह फिल्म देखी थी, उसी वक्त सोचा था कि इन बच्चियों के लिए कुछ करेंगी।
कहानी
'बिट्टू' की कहानी है रोमांचकारी
'बिट्टू' की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है। इसकी कहानी स्कूल जाने वाली दो दोस्तों की है।
फिल्म दो लड़कियों की दोस्ती पर आधारित है, जो एक दूसरे के लिए कुछ भी करने को तैयार रहती हैं। फिल्म में नाटकीय मोड़ तब आता है, जब इन दोनों लड़कियों को स्कूल में जहर दे दिया जाता है।
इस फिल्म में कृष्णा नेगी, मोनू उनियल और सलमा खातूम जैसे कलाकार भी दिखे थे।