Page Loader
जियो MAMI फिल्म फेस्टिवल: प्रियंका चोपड़ा ने दी मास्टरक्लास में अहंकार से दूर रहने की सलाह   
जियो MAMI फिल्म फेस्टिवल में प्रियंका की मास्टरक्लास (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@priyankachopra)

जियो MAMI फिल्म फेस्टिवल: प्रियंका चोपड़ा ने दी मास्टरक्लास में अहंकार से दूर रहने की सलाह   

लेखन मेघा
Oct 29, 2023
07:43 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा इन दिनों भारत हैं और जियो MAMI फिल्म फेस्टिवल में नजर आ रही हैं। 27 अक्टूबर को शुरू हुए इस फिल्म फेस्टिवल में बेहतरीन फिल्मों की स्क्रीनिंग हो रही है तो आज यानी 29 अक्टूबर को प्रियंका एक मास्टरक्लास का हिस्सा बनी थीं। इस दौरान अभिनेत्री ने स्क्रिप्ट के चयन को लेकर बात की और साथ ही अहंकार को अपने सपनों के बीच न आने की सलाह भी दी।

चयन

समय के साथ बदलती है प्रियंका की स्क्रिप्ट चुनने की प्रक्रिया

फिल्म फेस्टिवल में आयोजित इस मास्टरक्लास में प्रियंका के साथ भूमि पेडनेकर भी पहुंची थीं। इस दौरान प्रियंका ने बताया कि उनके लिए किसी भी फिल्म की स्क्रिप्ट चुनने उस दौरान चल रही परिस्थिति पर निर्भर करता है। ऐसे में उनकी चयन प्रक्रिया समय के साथ अक्सर बदलती रहती है। अभिनेत्री कहती हैं कि कई बार उनके पास फिल्में खुद आती हैं, वहीं कई बार उन्हें फिल्मों का ऑडिशन देने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।

स्क्रिप्ट

अपने किरदार को ध्यान में रखकर स्क्रिप्ट पढ़ती हैं प्रियंका

प्रियंका ने आगे बताया कि वह स्क्रिप्ट को अपने किरादर के लिए पढ़ती हैं कि क्या वह मजेदार है। अगर किरदार अच्छा होने के बाद भी उन्हें स्क्रिप्ट पढ़ने में दिक्कत आती है तो वह फिल्म निर्माता के साथ बात करती हैं। इस दौरान प्रियंका ने बताया कि उन्हें एक फिल्म करने का बहुत मन था इसलिए उन्होंने फिल्म निर्माता से ऑडिशन लेने की बात कही। ऐसे में 3 बार ऑडिशन देने के बाद वह फिल्म का हिस्सा बनीं।

 बयान

अभिनेत्री ने कही अहंकार को सपनों के बीच में न लाने की बात

प्रियंका ने लोगों से कड़ी मेहनत करने की बात करते हुए बताया कि वह कभी अपने सपनों को पूरा करने से नहीं डरती और उनका अहंकार कभी भी उनके सपनों के बीच में नहीं आता। अभिनेत्री कहती हैं कि यदि आप कुछ चाहते हैं तो अपने अभिमान को अपने सामने न आने दें। अहंकार हर चीज का अंत है। किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए आपको कड़ी मेहनत, विनम्रता और दृढ़ता की आवश्यकता होती है।

विस्तार

समारोह की अध्यक्ष हैं प्रियंका 

मुंबई में नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में 27 अक्टूबर से शुरू हुआ जियो MAMI फिल्म फेस्टिवल 3 नवंबर तक चलेगा। इसमें कई शानदार फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ दिग्गजों की मास्टरक्लास लग रही है। प्रियंका और भूमि के बाद अब फिल्म निर्माता मीरा नायर, निर्देशक मिलिंद धायमाडे, मणिरत्नम और इम्तियाज अली सहित कई मास्टरक्लास दे रहे हैं। मालूम हो कि प्रियंका इस समारोह की अध्यक्ष हैं, वहीं फिल्म पत्रकार अनुपमा चोपड़ा इसकी निदेशक हैं।