देव आनंद की 100वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया उन्हें याद, साझा की तस्वीरें
हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता देव आनंद भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, मगर अपनी बेहतरीन फिल्मों के जरिए वो हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे। 'जिद्दी', 'नौ दो ग्यारह', 'जॉनी मेरा नाम', 'हरे कृष्णा हरे राम' जैसी बेहतरीन फिल्मों के जरिए लोगों को अपना कायल बनाने वाले देव आनंद की आज (26 सितंबर) 100वीं जयंती है। अब इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें याद किया है। उन्होंने तस्वीरें साझा कर एक नोट लिखा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने देव आनंद के लिए कही ये बात
प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर देव आनंद संग अपनी अनदेखी तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने लिखा, 'देव आनंद जी को एक सदाबहार अभिनेता के रूप में याद किया जाता है। कहानी कहने की उनकी प्रतिभा और सिनेमा के प्रति जुनून बेजोड़ था। उनकी फिल्में न केवल मनोरंजन करती थीं बल्कि भारत के बदलते समाज और आकांक्षाओं को भी दर्शाती थीं। उनका सदाबहार प्रदर्शन पीढ़ियों को प्रभावित करता रहता है। उनकी 100वीं जयंती पर उन्हें याद कर रहा हूं।'