मशहूर सितार वादक पद्म भूषण पंडित देबू चौधरी का निधन, कोरोना से थे पीड़ित
कोरोना ने संगीत की दुनिया के एक मशहूर सितारे को हमसे छीन लिया है। प्रख्यात सितार वादक पंडित देवब्रत चौधरी का कोविड 19 संबंधी जटिलताओं के कारण शनिवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके बेटे प्रतीक चौधरी ने यह दुखद समाचार दिया है। वह 85 वर्ष के थे। प्रतीक ने देबू चौधरी के नाम से प्रसिद्ध अपने पिता के निधन की जानकारी फेसबुक पेज पर दी है। आइए जानते हैं उन्होंने अपने पोस्ट में क्या लिखा।
इतनी कोशिशों और दुआओं के बावजूद पिता को बचाया नहीं जा सका-प्रतीक चौधरी
प्रतीक ने लिखा, 'मेरे पिता और सितार के दिग्गज पंडित देबू चौधरी नहीं रहे। उन्हें कोविड 19 और मनोभ्रंश की जटिलताओं के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया।' उन्होंने लिखा, 'उन्हें आज (1 मई, 2021) आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इतने प्रयासों और प्रार्थनाओं के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।' देबू के परिवार में उनके बेटे प्रतीक, बहू रूना और पोती रयाना व पोता अधिराज हैं।
कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद देबू को कराया अस्पताल में भर्ती
कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद पंडित देबू चौधरी को फौरन गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उनका ऑक्सीजन लेवल लगातार गिरता चला गया। शुक्रवार शाम को उनकी तबियत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रख दिया गया। शनिवार सुबह देबू चौधरी को दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया। देबू के जाने से सोशल मीडिया पर संगीत की दुनिया से जुड़े कई सितारे उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
कला के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए देबू को मिला पद्म पुरस्कार
देबू ने सेनिआ संगीत घराना के पंचू गोपाल दत्ता और संगीत आचार्य उस्ताद मुश्ताक अली खान से संगीत की शिक्षा ली की थी। उन्होंने अपने जीवन के छह दशक सितार साधना को समर्पित कर दिए। युवावस्था में ही सितार को अपना लेने वाले देबू ने दुनियाभर का दौरा कर लोगों को अपने सितार की सुर लहरियों से मोहित किया। देबू को देश-विदेश में तमाम सम्मान मिले हैं। भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री और पद्म भूषण पुरस्कारों से भी सम्मानित किया।
जानिए देश में कैसे हैं कोरोना के हालात?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 4,01,993 नए मामले सामने आए और 3,523 मरीजों की मौत हुई। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,91,64,969 हो गई है। इनमें से 2,11,853 लोगों को इस वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 32,68,710 हो गई है। कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में अब तक 46,02,472 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं और 68,813 लोगों की मौत हुई है।