कोरोना: देश में बीते दिन पहली बार सामने आए चार लाख से ज्यादा मामले, 3,523 मौतें
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 4,01,993 नए मामले सामने आए और 3,523 मरीजों की मौत हुई। ये देश में एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,91,64,969 हो गई है। इनमें से 2,11,853 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 32,68,710 हो गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए लगभग तीन लाख मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 2,99,988 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,56,84,406 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 81.99 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 19,45,299 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में 28.83 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 46,02,472 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 68,813 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 15,71,183 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 5,308 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 15,23,142 मामलों और 15,523 मौतों के साथ कर्नाटक और 11,01,690 मामलों और 7,992 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 62,919 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 828 मरीजों की मौत हुई। महामारी की शुरुआत के बाद राज्य में एक दिन में हुईं ये रिकॉर्ड मौतें हैं।
इसी तरह केरल में 37,199 लोगों को संक्रमित पाया गया और 49 मरीजों की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में रिकॉर्ड 48,296 मामले सामने आए और 217 मौतें हुईं।
आंध्र प्रदेश में 17,354 नए मामले सामने आए और 64 मरीजों की मौत हुई।
जानकारी
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 15,49,89,635 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 27,44,485 खुराकें लगाई गईं। आज से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगनी शुरू होगी।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 15.09 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 15.09 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 31.76 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.23 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.76 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.46 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 4.03 लाख मरीजों की मौत हुई है।