अभिनेत्री और TMC सांसद नुसरत जहां बनीं मां, बेटे को दिया जन्म

अभिनेत्री और TMC सांसद नुसरत जहां ने बीते दिनों बिजनेसमैन निखिल जैन के साथ अपनी शादी को अमान्य करार दिया था, जिस पर जमकर बवाल मचा था। इस विवाद के बीच नुसरत ने अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। अब नुसरत जहां मां बन गई हैं। अभिनेत्री ने कोलकाता के एक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है। इस खबर के सामने आने के बाद प्रशंसक उन्हें जमकर बधाई दे रहे हैं। आइए पूरी खबर जानते हैं।
नुसरत जहां को 25 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। खबरों के अनुसर अभिनेता यश दासगुप्ता एक्ट्रेस को अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वह अस्पताल में उपका ख्याल रख रहे हैं। इंडिया टुडे के मुताबिक यश दासगुप्ता ने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद नुसरत और उनका बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। डिलिवरी से पहले नुसरत ने अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए खुद के लिए सकारात्मकता की बात की थी। उन्होंने लिखा था, 'डर से ज्यादा विश्वास है।'
नुसरत कुछ समय पहले पति निखिल जैन के साथ विवादों के चलते सुर्खियों में आई थीं। दोनों के रिश्ते पर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद नुसरत ने मीडिया के सामने आते हुए निखिल के साथ अपनी शादी को अमान्य करार दे दिया था। नुसरत ने कहा, "तुर्की के कानून के मुताबिक यह शादी अमान्य है। शादी दो अलग धर्म के लोगों के बीच हुई है। इसे भारत में वैधानिक मान्यता देने की जरूरत थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।"
पिछले कुछ समय से नुसरत और निखिल के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही थीं। इस साल जून में निखिल ने यह खुलासा कर हैरान कर दिया था कि वह पिछले साल नवंबर से नुसरत से अलग रह रहे हैं। इसी बीच नुसरत की प्रेग्नेंसी की खबरों ने भी तूल पकड़ा, जिस पर निखिल ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने साफ कह दिया कि अगर नुसरत प्रेग्नेंट हैं तो बच्चा उनका नहीं है।
निखिल जैन कोलकाता के एक व्यवसायी हैं। नुसरत से उनकी मुलाकात कोलकाता में एक कार्यक्रम में हुई थी। दोनों ने एक साल के अंदर ही शादी करने का फैसला किया। 19 जून, 2019 को उन्होंने तुर्की के बोडरम सिटी में भव्य शादी की। शादी के दिन निखिल और नुसरत की खुशी का ठिकाना नहीं था, लेकिन किसे पता था कि सात जन्मों तक साथ रहने का वादा करने वाली यह जोड़ी शादी के दो साल बाद यूं अलग हो जाएगी।
नुसरत और निखिल के बीच तनाव गहराता जा रहा है। निखिल ने केस भी दर्ज कराया है। उनका कहना है कि नुसरत किसी और के साथ रहना चाहती हैं। इस बीच बंगाली अभिनेता यशदास गुप्ता संग नुसरत के अफेयर की खबरों को हवा मिलती रही है। चर्चा है कि दोनों पिछले साल दिसंबर में राजस्थान ट्रिप पर गए थे, यहां से दोनों नजदीक आए और उनके बीच प्यार पनपने लगा। दोनों ने फिल्म 'SOS कोलकाता' में साथ काम किया था।
नुसरत जहां ने साल 2019 में पहली बार चुनावी मैदान में कदम रखा था। वह लोकसभा चुनाव के दौरान TMC में शामिल हुई थीं। उन्होंने पहली बार ही चुनाव लड़ा था और बड़ी संख्या मे वोट पाकर जीत हासिल की थी।