Page Loader
अथिया शेट्टी ही नहीं, इन अभिनेत्रियों ने भी कुछ फिल्में करने के बाद छोड़ा बॉलीवुड 
इन अभिनेत्रियों ने भी छोड़ा बॉलीवुड (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@zareenkhan)

अथिया शेट्टी ही नहीं, इन अभिनेत्रियों ने भी कुछ फिल्में करने के बाद छोड़ा बॉलीवुड 

May 22, 2025
03:43 pm

क्या है खबर?

अथिया शेट्टी ने फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया है। यह चौंकाने वाला खुलासा खुद उनके पिता-अभिनेता सुनील शेट्टी ने किया है। अथिया ने सलमान खान के प्रोडक्शन में बनी फिल्म 'हीरो' (2015) से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें उनके हीरो सूरज पंचोली थे। इसके बाद वह फिल्म 'मुबारकां' (2017) में दिखीं। अथिया की तीसरी और आखिरी फिल्म 'मोतीचूर चकनाचूर' (2019) थी। आइए उन अभिनेत्रियों के बारे में जानें, जिन्होंने कुछेक फिल्में करने के बाद बॉलीवुड छोड़ दिया था।

#1 और #2

गायत्री जोशी और मयूरी कांगो

गायत्री जोशी ने शाहरुख खान की फिल्म 'स्वदेश' (2004) से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। यह उनकी पहली और आखिरी फिल्म थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। इसके बावजूद गायत्री ने बॉलीवुड का अलविदा कह दिया। मयूरी कांगो ने 1995 में आई फिल्म 'नसीम' से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद वह 'पापा कहते हैं' (1996) और 'बेताबी' (1997) जैसी फिल्मों में नजर आईं। लगातार मिल रही असफलता से मयूरी ने निराश होकर बॉलीवुड छोड़ दिया।

#3 और #4

ग्रेसी सिंह और स्नेहा उल्लाल

ग्रेसी सिंह की पहली फिल्म 'हु तू तू' थी। इसके बाद वह 'लगान' और 'मुन्ना भाई MBBS' जैसी सुपरहिट फिल्मों में नजर आईं। इसके बावजूद कुछ फिल्मों में काम करने के बाद उन्होंने 2013 में बॉलीवुड को अलविदा कह दिया। स्नेहा उल्लाल ने 2005 में 'लकी: नो टाइम फॉर लव' से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें उनके हीरो सलमान खान थे। इसके बाद वह 'जाने भी दो यारों' और 'क्लिक' में दिखीं। 'बेजुबान इश्क' (2015) उनकी आखिरी फिल्म थी।

#5 और #6

ममता कुलकर्णी और जरीन खान

ममता कुलकर्णी 90 के दशक की चर्चित अभिनेत्री हैं। उन्होंने 'मेरा दिल तेरे लिए' (1992) से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह 'तिरंगा', 'वक्त हमारा है' और 'करण अर्जुन' जैसी हिट फिल्मों में काम किया। हालांकि, 2003 में ममता बॉलीवुड से गायब हो गईं। जरीन खान ने फिल्म 'वीर' से बॉलीवुड के दर्शन किए थे। इसके बाद वह 'हाउसफुल 2' और 'हेट स्टोरी 3' में दिखीं, लेकिन अपनी छाप नहीं छोड़ पाईं। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड छोड़ दिया।