Page Loader
FIFA समापन समारोह में नोरा फतेही की दमदार प्रस्तुति, ऐंथम सॉन्ग से जीता दिल
FIFA विश्वकप समापन समारोह में नोरा फतेही की दमदार परफॉर्मेंस

FIFA समापन समारोह में नोरा फतेही की दमदार प्रस्तुति, ऐंथम सॉन्ग से जीता दिल

Dec 19, 2022
12:47 pm

क्या है खबर?

रविवार देर रात हुए FIFA विश्व कप फाइनल पर दुनियाभर के फुटबॉल प्रेमियों की नजर रही। कतर में हुए FIFA विश्वकप 2022 में अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराकर तीसरी बार इस खिताब पर कब्जा कर लिया है। यहां समापन समारोह में नोरा फतेही ने परफॉर्म करके लोगों का दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर प्रशंसक उनका वीडियो शेयर करते हुए उन पर गर्व कर रहे हैं। लुसैल स्टेडियम में नोरा की परफॉर्मेंस सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

परफॉर्मेंस

'लाइट द स्काई' पर नोरा की दमदार परफॉर्मेंस

नोरा फतेही ने यहां FIFA के ऐंथम सॉन्ग 'लाइट द स्काई' पर दमदार परफॉर्मेंस दी। नोरा ने एमिरात के गायक बलकीस, मोरक्को को पॉप सिंगर मनल और इराकी सिंगर राहमा रेड के साथ मंच साझा किया। भारतीय प्रशंसकों का कहना है कि नोरा ने भारतीयों को गौरवान्वित किया है। इस समारोह में परफॉर्मेंस देने वाली वह एकमात्र बॉलीवुड स्टार हैं। शॉर्ट ब्लैक ड्रेस और स्टॉकिन्स में नोरा की उपस्थिति की जमकर तारीफ हो रही है।

ट्विटर पोस्ट

यूं दिखीं नोरा

शाहरुख-दीपिका

शाहरुख-दीपिका ने बढ़ाया मान

FIFA विश्वकप फिनाले के दौरान शाहरुख खान अपनी आने वाली फिल्म 'पठान' का प्रमोशन करते भी दिखे। उन्होंने मशहूर फुटबॉलर वेन रूनी के साथ मंच साझा किया। इस दौरान वह रूनी को अपना आइकॉनिक स्टेप सिखाते हुए भी नजर आए। FIFA 2022 में भारतीय अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने भी इतिहास रचा। वह FIFA विश्वकप ट्रॉफी का अनावरण करने वाली पहली भारतीय हस्ती बन गई हैं। उन्होंने स्पैनिश गोलकीपर इकेर कासिलास के साथ ट्रॉफी का अनावरण किया।

अन्य

ये सितारे भी पहुंचे कतर

जहां शाहरुख, दीपिका पादुकोण और नोरा ने इस समारोह में ग्लोबल स्तर पर भारत का मान बढ़ाया, वहीं बॉलीवुड की कई हस्तियां प्रशंसक के तौर पर मैच देखने पहुंचे थे। फाइनल मुकाबला देखने के लिए रणवीर सिंह, आलिया भट्ट और कार्तिक आर्यन भी कतर पहुंचे थे। आदित्य रॉय कपूर, वरुण धवन, शनाया कपूर, संजय कपूर और डिनो मोरिया जैसे सितारे भी इस रोमांचक मैच का मजा लेते नजर आए।

मुकाबला

तीसरी बार विश्व विजेता बना अर्जेंटीना

FIFA विश्व कप 2022 का फाइनल मुकाबला गत चैंपियन फ्रांस और अर्जेंटीना के बीच खेला गया। इस मुकाबले को अर्जेंटीना ने पेनल्टी शूटआउट में जीता। निर्धारित 90 मिनट तक मैच 2-2 की बराबरी पर रहने के बाद एक्स्ट्रा-टाइम में गया, लेकिन फिर भी मुकाबला 3-3 की बराबरी पर रहा। जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट (4-2) में विजेता का फैसला हुआ। अर्जेंटीना की टीम तीसरी बार विश्व कप जीती है। उन्होंने 1978 और 1986 में ये खिताब अपने नाम किया था।