LOADING...
कुशा कपिला बोलीं- महिलाओं का ये हुनर आज भी हाशिए पर, दिया जूही चावला का उदाहरण 
कुशा कपिला ने बताई इंडस्ट्री की कड़वी सच्चाई

कुशा कपिला बोलीं- महिलाओं का ये हुनर आज भी हाशिए पर, दिया जूही चावला का उदाहरण 

Apr 03, 2026
01:35 pm

क्या है खबर?

नेटफ्लिक्स की लोकप्रिय सीरीज 'मामला लीगल है 2' की अभिनेत्री कुशा कपिला ने हाल ही में कॉमेडी जगत में महिलाओं की स्थिति पर अपनी राय रखी है। एक इंटरव्यू के दौरान कुशा ने अर्चना पूरन सिंह और जूही चावला जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों का उदाहरण देते हुए कहा कि कॉमेडी में महिलाओं को वो सम्मान और पहचान नहीं मिलती, जिसके वे वास्तव में हकदार हैं। उन्होंने इस क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को कमतर आंकने पर अपनी चिंता जाहिर की है।

श्रेय

कॉमेडी में महिलाओं को नहीं मिलता सही श्रेय

फर्स्टपोस्ट के साथ बातचीत में कुशा कपिला ने बताया कि कॉमेडी की दुनिया में महिलाओं को वो श्रेय नहीं मिलता, जिसकी वे हकदार हैं। उन्होंने कहा, "आप अर्चना पूरन सिंह को ही देख लीजिए, किसी भी फिल्म में उनकी कॉमिक टाइमिंग बेहतरीन होती है या फिर 'इश्क' फिल्म में जूही चावला, वो अकेले ही सारे सीन संभाल लेती हैं। उनकी कॉमिक टाइमिंग कमाल की थी, लेकिन जब बात कॉमेडी की आती है तो हम पुरुषों के नाम ज्यादा लेते हैं।"

नाराजगी

"भारत में अभी तक महिलाओं के हास्य को ठीक से परखा नहीं गया"

कुशा ने कहा, "हाल ही में मैं 'मामला लीगल है' की निधि (निधि बिष्ट) का जिक्र करना चाहूंगी। शो देखने के बाद मैंने उन्हें इंस्टाग्राम पर खोजने की कोशिश की। शो में एक सीन है, जहां वो गालियों के प्रकार के बारे में बात करती हैं, वो वाकई बेमिसाल है। मुझे 'फ्लीबैग' जैसा शो भी बहुत पसंद है। इसके अलावा 'गर्ल्स' है। सच तो ये है कि भारत में लड़कियों के हास्य को अभी उतना ज्यादा परखा नहीं गया है।"

Advertisement

पसंदीदा शो

कुशा कपिला ने गिनाए अपने पसंदीदा कॉमेडी शोज

जब कुशा से पूछा गया कि एक कलाकार और एक दर्शक के तौर पर वो किस तरह की कॉमेडी देखना पसंद करती हैं? जवाब में कुशा ने कहा, "मैं शेखर सुमन का 'मूवर्स एंड शेकर्स' देखती थी, जहां वो बहुत सारी राजनीतिक टिप्पणी किया करते थे। फिर उन्होंने 'देख भाई देख' नाम का शो किया, जो बहुत ही मजेदार था। मुझे 'खिचड़ी' भी बहुत पसंद था और 'साराभाई वर्सेज साराभाई' भी अपने समय से काफी आगे का शो था।"

Advertisement

लोकप्रियता

इंटरनेट की दुनिया में लोकप्रिय हैं कुशा कपिला

कुशा एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर, कॉमेडियन और अभिनेत्री हैं। वो इंस्टाग्राम पर अपने मजाकिया वीडियो के लिए जानी जाती हैं। अपनी कॉमिक टाइमिंग के लिए प्रसिद्ध कुशा ने कई कॉमेडी शो में अपनी प्रतिभा दिखाई है। कुशा का जन्म नई दिल्ली में हुआ था। अभिनय और क्रिएशन में आने से पहले उन्होंने एक फैशन एडिटर के रूप में काम किया था। उन्होंने वेब सीरीज ('मामला लीगल है') और फिल्मों ('घोस्ट स्टोरीज' और 'थैंक यू फॉर कमिंग') में अभिनय किया है।

Advertisement