Page Loader
महिलाओं का अपमान करने के लिए KRK पर हो मुकदमा, NCW ने DGP को लिखा पत्र
KRK मामले में NCW ने DGP को लिखा पत्र

महिलाओं का अपमान करने के लिए KRK पर हो मुकदमा, NCW ने DGP को लिखा पत्र

Aug 31, 2022
01:51 pm

क्या है खबर?

फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद कुमार (KRK) को विवादित ट्वीट के लिए मंगलवार को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। KRK के खिलाफ 2020 में अभिनेता ऋषि कपूर और इरफान खान पर विवादित ट्वीट के लिए FIR दर्ज हुई थी जिसके लिए कल उन्हें गिरफ्तार किया गया। अब इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी हस्तक्षेप किया है।

NCW

महिला आयोग ने महाराष्ट्र के DGP को लिखा पत्र

राष्ट्रीय महिला आयोग ने महाराष्ट्र पुलिस से KRK के खिलाफ महिलाओं के लिए अभद्र ट्वीट करने के लिए मामला दर्ज करने का आग्रह किया है। NCW के ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया गया, 'NCW के संज्ञान में KRK के कुछ अभद्र ट्वीट्स आए हैं जिसमें उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की हैं। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने महाराष्ट्र के DGP को उचित धाराओं के तहत उनपर मुकदमा दर्ज करने के लिए पत्र लिखा है।'

ट्विटर पोस्ट

NCW का ट्वीट

अभद्रता

महिलाओं के खिलाफ कई आपत्तिजनक ट्वीट कर चुके हैं KRK

KRK कई बार महिलाओं के खिलाफ आपत्तिनजक ट्वीट कर चुके हैं। बीते दिनों उन्होंने अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के बारे में लिखा था कि वह विराट कोहली के डिप्रेशन का कारण हैं। इससे पहले वह दीपिका पादुकोण के बारे में अभद्र टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने सनी लियोनी के कपड़ों को लेकर भी आपत्तिजनक ट्वीट किया था। #MeToo आंदोलन के दौरान उन्होंने लिखा था कि यह सिर्फ सम्मानित लोगों को बदनाम करने का एक जरिया है।

गिरफ्तारी

ऋषि और इरफान के बारे में आपत्तिजनक बातों के लिए हुए गिरफ्तार

KRK की गिरफ्तारी की बात करें तो उन्हें उनके एक पुराने ट्वीट के लिए गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अभी किसी खास ट्वीट के बारे में पुष्टि नहीं की है। हालांकि, कहा जा रहा है कि उन्हें 2020 में ऋषि और इरफान के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखने के लिए गिरफ्तार किया गया। जब ऋषि को अस्पताल में भर्ती कराया गया था तो KRK ने लिखा था कि उनकी मौत नहीं होनी चाहिए क्योंकि शराब की दुकानें खुलने वाली हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

युवा सेना कोर समिति के सदस्य राहुल कनन ने यह FIR दर्ज कराई थी। KRK के खिलाफ IPC की धारा 153A, 294, 500, 501, 505, 67 और 98 के तहत मामला दर्ज किया गया था। ये धाराएं जानबूझकर किसी का अपमान करने से संबंधित हैं।

विवाद

विवादों से KRK का है पुराना नाता

KRK ने '1920: लंदन' के लिए निर्देशक विक्रम भट्ट के खिलाफ भी कई आपत्तिजनक बातें कही थीं। इसके बाद विक्रम ने उनपर मानहानि का मुकदमा किया था। वहीं KRK ने दावा किया था कि करण जौहर ने 'बॉम्बे वेलवेट' के रिव्यू के लिए उन्हें पैसे ऑफर किए थे। बाद में अनुराग कश्यप ने इन बातों का खंडन किया था। KRK की एंटरटेनमेंट वेबसाइट ने अनुराग की मौत की भी अफवाह फैलाई थी। बाद में उन्होंने इसके लिए माफी मांगी थी।