नमित मल्होत्रा की 'रामायण' पर महा-योजना, सिर्फ फिल्में नहीं; मार्वल जैसा यूनिवर्स बनाने की तैयारी
क्या है खबर?
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म 'रामायण' इस साल की बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं में से एक है। फिल्म की रिलीज करीब है, जिसके लिए निर्माताओं ने साेमवार को हैदराबाद में तेलुगु प्री-रिलीज कार्यक्रम रखा। इस मौके पर 'रामायण' के निर्माता नमित मल्होत्रा ने फ्रेंचाइजी को लेकर अपनी व्यापक योजनाओं का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उनका मकसद सिर्फ 2 कड़ी वाली फिल्म का निर्माण करना नहीं है, बल्कि एक सिनेमाई यूनिवर्स तैयार करने की है। इसमें बहुत कुछ शामिल होगा।
ख्वाहिश
मार्वल और DC जैसा भव्य यूनिवर्स बनाएंगे नमित
कार्यक्रम के दौरान, नमित ने कहा कि 'रामायण' हमेशा से एक फिल्म से कहीं ज्यादा होने के उद्देश्य से बनाई गई थी।
उन्होंने कहा, "हमारा मकसद 1 या 2 फिल्में बनाकर राम की यात्रा को रोकना नहीं है। बल्कि, इस यात्रा को शुरू करना है। इस फिल्म के दम पर हम वास्तव में जुड़ाव के विभिन्न क्षेत्रों को खोलना शुरू कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि वह मार्वल और DC की तरह 'रामायण' का पूरा यूनिवर्स बनाना चाहते हैं।
योजना
फिल्मों के साथ आएंगे स्पिन-ऑफ, वीडियो गेम्स और बहुत कुछ
नमित ने फ्रेंचाइजी के व्यापक दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए एक BTS वीडियो जारी किया जिसमें स्पिन-ऑफ परियाेजना, ओरिजिन स्टोरी, टीवी शो, वीडियो गेम और एनिमेटेड फिल्में शामिल हैं।
वीडियो में कहा गया, "फिल्में तो बस शुरुआत हैं।" इसके बाद हनुमान, सूर्पनखा, जटायु, इंद्रजीत और अंगद को लेकर संभावित स्पिन-ऑफ फिल्मों की झलक दिखाई गई, जो 'रामायण' के विशाल यूनिवर्स का संकेत देती हैं।
बता दें, 'रामायण' का पहला भाग 5 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो रहा है।