
एसएस राजामौली पर बन रही डॉक्यूमेंट्री, सामने आएंगे निर्देशक के कई राज
क्या है खबर?
जब भी भारतीय सिनेमा के बेहतरीन निर्देशकों की बात होती है तो एसएस राजामौली का जिक्र जरूर होता है। खासकर 'बाहुबली' और 'RRR' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बाद दुनियाभर में उनका नाम बोलता है।
एक तरफ जहां सुपरस्टार महेश बाबू के साथ उनकी अगली फिल्म चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं इसी बीच उनकी डॉक्यूमेंट्री का ऐलान हो गया है, जिसके बाद उनके प्रशंसक खुशी से झूम उठे हैं।
आइए जानते हैं कब आएगी राजामौली पर बनी डॉक्यूमेंट्री।
रिलीज तारीख
2 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर आएगी डॉक्यूमेंट्री
इस डॉक्यूमेंट्री का नाम 'मॉडर्न मास्टर्स: एसएस राजामौली' है, जो 2 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
अनुपमा चोपड़ा की ओर से प्रस्तुत इस डॉक्यूमेंट्री में जेम्स कैमरून, जो रुसो और करण जौहर के साथ-साथ प्रभास, जूनियर एनटीआर, राणा दग्गुबाती और राम चरण जैसे करीबी दोस्त और सहकर्मी राजामौली के बारे में दिलचस्प जानकारी साझा करते दिखेंगे।
इसमें साक्षात्कारों के साथ पर्दे के पीछे की फुटेज के जरिए भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा पर राजामौली के प्रभाव को दर्शाया गया है।
ट्विटर पोस्ट
नेटफ्लिक्स ने की घाेषणा
One man. Numerous blockbusters. Endless ambition. What did it take for this legendary filmmaker to reach his peak? 🎥🎬
— Netflix India (@NetflixIndia) July 6, 2024
Modern Masters: S.S. Rajamouli, coming on 2 August, only on Netflix!#ModernMastersOnNetflix pic.twitter.com/RR9lg7qTTu
बयान
क्या बोलीं नेटफ्लिक्स इंडिया की उपाध्यक्ष?
अप्लॉज एंटरटेनमेंट के प्रबंध निदेशक समीर नायर ने कहा, "राजामौली की कहानी कहने की अनूठी शैली ने भारतीय फिल्म निर्माण में क्रांति ला दी है। हम उनके कलात्मक विकास को प्रस्तुत करने के लिए उत्साहित हैं।"
नेटफ्लिक्स इंडिया की उपाध्यक्ष (कंटेंट) मोनिका शेरगिल बोलीं, "राजामौली की दूरदर्शी कहानी और सिनेमाई समझ ने भारतीय सिनेमा को वैश्विक मानचित्र पर लाकर खड़ा किया है। उनके फंतासी फिल्म बनाने के तरीके ने दुनियाभर के दर्शकों के जहन में एक अमिट छाप छोड़ी है।"
लोकप्रियता
राजामौली की फिल्में बनाती हैं एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड
राजामौली सफलता की गारंटी बनकर उभरे हैं। उन्होंने अपने करियर में एक भी फ्लॉप फिल्म नहीं दी है। राजामौली ने निर्देशन की शुरुआत एक्शन फिल्म 'स्टूडेंट नंबर 1' से की थी। 1 करोड़ रुपये के बजट वाली इस फिल्म ने 12 करोड़ रुपये कमाए थे।
उनकी फिल्में न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर एक से बढ़कर एक रिकॉर्ड बनाती हैं, बल्कि उनकी फिल्मों के नायक भी रातों-रात सुपरस्टार बन जाते हैं। राजामौली को हिट फिल्मों का पर्याय माना जाता रहा है।
आगामी फिल्में
ये फिल्में लेकर दर्शकों के बीच हाजिर होने वाले हैं राजामौली
राजामौली फिल्म 'SSMB29' में पहली बार महेश के साथ काम कर रहे हैं। इस फिल्म के विलेन पृथ्वीराज सुकुमारन हैं। पर्दे पर महेश और पृथ्वीराज की भिड़ंत देखने के लिए दर्शक बेहद उत्साहित हैं।
पिछले साल सितंबर में उन्होंने फिल्म 'मेड इन इंडिया' का भी ऐलान किया था। राजामौली इस फिल्म से भारतीय सिनेमा का इतिहास दर्शकों के बीच पेश करने जा रहे हैं।
वह फिल्म के जरिए दर्शकों को दिखाएंगे कि भारतीय सिनेमा का जन्म और उत्थान कैसे हुआ।