LOADING...
मिलिंद सोमन ने 9 करोड़ रुपये में मुंबई में खरीदा लग्जरी अपार्टमेंट
मिलिंद सोमन ने मुंबई में खरीदा लग्जरी अपार्टमेंट

मिलिंद सोमन ने 9 करोड़ रुपये में मुंबई में खरीदा लग्जरी अपार्टमेंट

Sep 14, 2022
05:54 pm

क्या है खबर?

56 साल की उम्र में भी अभिनेता मिलिंद सोमन काफी फिट नजर आते हैं। उनके लुक और स्टाइल को लोग कॉपी करते हैं। अब मिलिंद के फैंस के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि उन्होंने मुंबई में 9 करोड़ रुपये में एक लग्जरी अपार्टमेंट खरीदा है। उन्होंने मुंबई के प्रभादेवी इलाके में यह संपत्ति खरीदी है। यह 4 BHK अपार्टमेंट है, जिसमें ऐशो-आराम की तमाम सुविधाएं उपलब्ध हैं।

रिपोर्ट

1,720 वर्ग फुट में फैला हुआ है यह अपार्टमेंट

बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, मिलिंद का यह अपार्टमेंट 1,720 वर्ग फुट में फैला हुआ है। इसमें दो पार्किंग की व्यवस्था दी गई है और इसे सूरज एस्टेट डेवलपर्स लिमिटेड ने बनाया है। मिलिंद के इस नए आशियाने से समुद्र का खूबसूरत नजारा दिखता है। यहां से अरब सागर और बांद्रा वर्ली सी-लिंक की झलकियां दिखती हैं। प्रभादेवी के जिस इलाके में यह अपार्टमेंट स्थित है, उसे मुंबई का पॉश इलाका माना जाता है।

प्रतिक्रिया

सूरज एस्टेट डेवलपर्स लिमिटेड के डायरेक्टर राहुल थॉमस ने की पुष्टि

सूरज एस्टेट डेवलपर्स लिमिटेड के डायरेक्टर राहुल थॉमस ने मिंट से बातचीत करते हुए मिलिंद के इस नए आशियाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, "प्रभादेवी इलाके में बना यह अपार्टमेंट समुद्र से 100 मीटर की कम की दूरी पर स्थित है। हम मिलिंद का स्वागत करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।" लोकेशन के हिसाब से अभिनेता का यह आशियाना खास है। इस अपार्टमेंट से दादर स्टेशन और प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर नजदीक है।

आशियाना

हाल में मुंबई में कई कलाकारों ने खरीदा घर

हाल में मुंबई में कई कलाकारों ने नया घर लिया है। कुछ समय पहले ही रणवीर सिंह ने 119 करोड़ रुपये में एक अपार्टमेंट खरीदा था। खबरों की मानें तो अभिनेता राजकुमार राव ने जुलाई में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर का लग्जरी अपार्टमेंट लिया था। इस प्रॉपर्टी की कीमत 44 करोड़ रुपये बताई गई थी। इस साल की शुरुआत में मायानगरी में अक्षय कुमार ने भी अपना नया आशियाना लिया था।

करियर

इन फिल्मों में नजर आ चुके हैं मिलिंद

टीवी सीरीज 'कैप्टन व्योम' से मिलिंद ने सबका दिल जीत लिया था। वह 'तरकीब', '16', 'दिसंबर', 'भेजा फ्राई', 'सत्यमेव जयते', 'शेडो', 'जोड़ी ब्रेकर्स', 'नागरिक', 'बाजीराव मस्तानी' और 'शेफ' जैसी कई फिल्मों में नजर आ चुके हैं। मिलिंद ने स्विमिंग में चैपिंयनशिप भी जीती है। उन्होंने 2012 में दिल्ली से मुंबई तक की 1,500 किलोमीटर दौड़कर 30 दिन में पूरी की थी। इसके लिए उनका नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सुनहरे अक्षरों से अंकित है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

मिलिंद ने 2018 में मॉडल अंकिता कोंवर से शादी की थी। इनकी शादी ने काफी सुर्खियां बंटोरी थीं। दोनों की उम्र के गैप को लेकर सवाल भी उठे थे। अंकिता, मिलिंद से 26 साल छोटी हैं।