दलेर मेंहदी के समर्थन में उतरे मीका सिंह, बोले- कोई साबित कर दे, गायिकी छोड़ दूंगा
क्या है खबर?
मीका सिंह अपने बड़े भाई और दिग्गज गायक दलेर मेंहदी के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके भाई शराब का सेवन नहीं करते। गायक ने यह तक कहा कि अगर किसी ने साबित कर दिया कि दलेर शराब पीते हैं, तो वह गायिकी छोड़ देंगे। यह विवाद तब शुरू हुआ, जब उत्तराखंड में एक नवरात्रि कार्यक्रम के दौरान दलेर पर कथित तौर पर नशे में प्रस्तुति देने का आरोप लगाया गया।
सफाई
मीका ने दलेर के समर्थन में रखी अपनी बात
गायक ने अपने इंस्टाग्राम पर कहा, "कल मैंने अपने बड़े भाई की खबर देखी जिसमें कहा जा रहा है कि 'दलेर मेंहदी शराब पीकर गाना गा रहे हैं।' वो पिछले 30 साल से सुपरस्टार रहे हैं। क्या आपने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा? क्या आपने उन्हें अपनी पूरी जिंदगी में कभी शराब पीते देखा है? नहीं। तो आप ये दावा कैसे कर सकते हैं कि वो शराब पीने की वजह से खड़े नहीं हो पा रहे हैं?"
दावा
मीका बोले, सर्जरी से गुजरे थे दलेर
मीका ने दावा किया कि उनके भाई अक्सर अपनी सेहत की परवाह किए बिना कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने का वादा करते हैं, चाहें उन्हें 104 डिग्री बुखार क्यों न हो।
उन्होंने दावा किया कि दलेर की तबीयत खराब थी और हाल ही में उनकी एक बड़ी सर्जरी हुई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि दलेर ने उनसे ये बातें सार्वजनिक करने के लिए मना किया था, लेकिन एक भाई और दोस्त होने के नाते उन्हें सच बताने का अधिकार है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
कोई एक भी बोल दे कि दलेर मेहंदी शराब पीते हैं तो मैं गाना छोड़ दूंगा।
— Bhupi Panwar (@askbhupi) October 20, 2026
उत्तराखंड के नरेंद्र नगर के कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच का वीडियो वायरल होने के बाद मीका सिंह ने दलेर का समर्थन करते हुए कहा, “अगर यह साबित हो जाए कि दलेर ने शराब पी… https://t.co/Xo3bdLDffj pic.twitter.com/8JUr1sevLL
मामला
आखिर क्यों विवादाें में घिरे दलेर
19 अक्टूबर को, उत्तराखंड के टिहरी स्थित कुंजापुरी मेले में लाइव कॉन्सर्ट के दौरान दलेर का वीडियो सामने आया था, जिसमें राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें फटकारते दिख रहे थे।
मंत्री ने मंच पर पहुंचकर कार्यक्रम को रोक दिया था और गायक से कहा था कि उनसे बोला तक नहीं जा रहा, वह गाना क्या गाएंगे।
खबरों के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दलेर उस वक्त नशे में थे। तब से वीडियो विवाद में घिरा है।