'इटर्नल्स' की रिलीज डेट का ऐलान, इस दिन भारतीय सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
क्या है खबर?
मार्वल स्टूडियोज की फिल्म 'इटर्नल्स' का इंतजार दर्शकों को लंबे समय से है। किसी ना किसी वजह से यह फिल्म चर्चा में बनी हुई है।
फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से भरपूर प्यार मिला है और अब इसे लेकर फैंस का उत्साह पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है।
दरअसल, निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। इस दिवाली भारतीय सिनेमाघर मार्वल की नई फिल्म से गुलजार होंगे।
आइए जानते हैं और क्या जानकारी मिली है।
ऐलान
कुल छह भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
निर्माताओं ने बताया कि यह फिल्म इसी साल 5 नवंबर, 2021 यानी दिवाली के खास मौके पर रिलीज होगी।
फिल्म को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम समेत कुल छह भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म की स्टारकास्ट खासी दमदार है और इसमें एंजेलिना जोली, सलमा हायक समेत कई बड़े नाम शामिल हैं।
अब फिल्म की इस रिलीज डेट सामने आने के बाद फैंस इसे लेकर अपना उत्साह और खुशी जाहिर करने से नहीं चूक रहे हैं।
स्टारकास्ट
फिल्म में काम कर रहे हैं ये कलाकार
एंजेलिना जोली, गेमा चैन, रिचर्ड मैडेन, किट हैरिंगटन, सलमा हायक और कुमैल नैन्जियानी जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे। फिल्म में सभी नए सुपरहीरो एक नया यूनिवर्स बनाएंगे, जिसके सहारे फिल्म की कहानी और आगे बढ़ेगी।
यह फिल्म इंसानी और आसमानी करामातों से सजी बताई जाती है। पहले फिल्म के टीजर और बाद में फिल्म के ट्रेलर ने फैंस को खासा उत्साहित कर दिया है। फिल्म का निर्देशन क्लोई झाओ ने किया है, जो कि एक ऑस्कर विजेता निर्देशक हैं।
जानकारी
फिल्म में अपने अभिनय का जलवा बिखेरेंगे हरीश पटेल
दुनिया का कोई ऐसा कोना नहीं बचा, जहां मार्वल की फिल्मों के दीवाने ना हों। भारत में भी मार्वल के प्रशंसकों की संख्या बहुत है।
मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की नई फिल्मों का इंतजार दर्शक करते रहते हैं। 'इटर्नल्स' की रिलीज से पहले ही भारत में चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि इसमें हिंदी फिल्मों के अभिनेता हरीश पटेल नजर आने वाले हैं।
पिछले दिनों इस हॉलीवुड फिल्म का एक क्लिप वायरल हुआ था, जिसमें हरीष पटेल दिखाई दिए थे।
भिड़ंत
'पृथ्वीराज' और 'जर्सी' से होगी 'इटर्नल्स' की टक्कर
'इटर्नल्स' की भारत में रिलीज डेट तय हो जाने से सबसे ज्यादा खलबली फिल्म वितरकों और प्रदर्शकों के बीच मची है।
अभी तक फिल्म 'इटर्नल्स' की भारत के सिनेमाघरों में रिलीज को लेकर उहापोह चल रहा था और इसी के चलते अक्षय कुमार की फिल्म 'पृथ्वीराज' और शाहिद कपूर की फिल्म 'जर्सी' की स्क्रीन्स बुकिंग की रफ्तार धीमी चल रही थी, लेकिन सोमवार से इसमें तेजी दिख रही है। दरअसल, ये दोनों फिल्में भी दिवाली में रिलीज होने वाली हैं।