LOADING...
अभिनेता रजत बेदी की कार से टक्कर लगने वाले शख्स की अस्पताल में मौत, मामला दर्ज
अभिनेता रजत बेदी की कार से टक्कर लगने वाले शख्स की मौत

अभिनेता रजत बेदी की कार से टक्कर लगने वाले शख्स की अस्पताल में मौत, मामला दर्ज

Sep 09, 2021
10:23 am

क्या है खबर?

अभिनेता रजत बेदी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दरअसल, उन्होंने 7 सितंबर को सड़क पार कर रहे 39 वर्षीय राजेश को टक्कर मार दी थी। अब खबर है कि घायल शख्स की अस्पताल में मौत हो गई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, राजेश एक मजूदर था, जो अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है। इसके बाद पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आइए पूरी खबर जानते हैं।

दुखद

पीड़ित के सिर पर आई थीं गंभीर चोटें

रजत बेदी ने उस शख्स को कूपर अस्पताल में तुरंत भर्ती जरूर करवाया, लेकिन बुधवार को उसकी मौत हो गई। उस दुर्घटना की वजह से पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल में इलाज जारी था, लेकिन पीड़ित ने आखिरकार दम तोड़ दिया। पुलिस ने बुधवार को बताया कि DN नगर थाने की पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। उन पर धारा 304-ए (लापरवाही के कारण मौत की वजह बनना) लगाई गई है।

बयान

रजत की टीम ने कही ये बात

अभिनेता की टीम ने अपने बयान में कहा कि रजत ट्रैफिक की वजह से काफी धीमी गाड़ी चला रहे थे, लेकिन तभी उनके सामने राजेश (पीड़ित) आ गए। उस समय राजेश नशे में थे। चोटिल होने के बाद रजत खुद उन्हें अस्पताल लेकर गए और हर तरह की मदद भी दी। बयान में कहा गया कि आधी रात को पीड़ित के लिए खून का भी इंतजाम किया गया। उन्हें दुख है कि राजेश ने दम तोड़ दिया।

Advertisement

इल्जाम

पीड़ित की पत्नी ने लगाए ये आरोप

अब रजत जरूर कह रहे हैं कि उनकी तरफ से पीड़ित की पूरी मदद की गई थी, लेकिन राजेश की पत्नी पूरी तरह टूट चुकी हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद ही उनकी तरफ से कहा गया था कि अगर उनके पति को कुछ भी होगा तो इसके जिम्मेदार रजत बेदी होंगे। पत्नी की तरफ ये भी आरोप लगाया था कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की और अब तक रजत की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है।

Advertisement

वर्कफ्रंट

कई सफल फिल्मों का हिस्सा रहे हैं रजत

रजत बेदी अभिनेता और टीवी निर्माता हैं, जो कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके हैं। इन्हें 'कोई मिल गया' में राज सक्सेना के किरदार निभाने के लिए जाना जाता है। वह चालीस से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। इनमें 'रक्त', 'खामोश... खौफ की रात' और 'रॉकी-द रेबल' शामिल हैं। रजत फिल्म 'जानी दुश्मन' में सनी देओल और सुनील शेट्टी के साथ काम कर चुके हैं। फिलहाल रजत फिल्मी दुनिया से दूर हैं और बिजनेस करते हैं।

Advertisement