Page Loader
कार से शख्स को टक्कर मारने के मामले में अभिनेता रजत बेदी के खिलाफ FIR दर्ज
अभिनेता रजत बेदी के खिलाफ FIR दर्ज

कार से शख्स को टक्कर मारने के मामले में अभिनेता रजत बेदी के खिलाफ FIR दर्ज

Sep 07, 2021
02:02 pm

क्या है खबर?

रजत बेदी बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता हैं। उन्होंने बॉलीवुड की कई यादगार फिल्मों में अभिनय किया है। अब उनके प्रशंसकों के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। अपनी कार से एक शख्स को टक्कर मारने के मामले में अभिनेता रजत के खिलाफ मुंबई में FIR दर्ज की गई है। घटना में घायल हुए व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि घायल व्यक्ति को अभिनेता रजत ने ही अस्पताल पहुंचाया है।

जानकारी

घायल व्यक्ति की पहचान राजेश दूत के रूप में की गई

रजत के खिलाफ सोमवार शाम को मुंबई के अंधेरी (पश्चिम) में कथित तौर पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और अपनी कार से एक पैदल यात्री को टक्कर मारने का मामला दर्ज किया गया है। डीएन नगर पुलिस के मुताबिक, यह हादसा शाम को करीब साढ़े छह बजे घटित हुआ है। घायल व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय राजेश दूत के रूप में की गई है, जो अंधेरी (पश्चिम) की एक झुग्गी बस्ती का निवासी है।

बयान

डीएन नगर पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारी ने क्या कहा?

घटना के बाद कूपर अस्पताल में भर्ती राजेश की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी एक पत्नी और दो बेटियां हैं। डीएन नगर पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा, "दुर्घटना के बाद रजत घायल व्यक्ति को कूपर अस्पताल ले गए और फिर मामले की रिपोर्ट करने के लिए पुलिस स्टेशन आए। अभिनेता ने दावा किया कि पैदल चलने वाला यह शख्स नशे में था और अचानक कार के सामने आ गया।"

सूचना

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

मामले में पुलिस अधिकारी ने कहा कि वे CCTV कैमरों की जांच करेंगे और घटना का पता लगाने के लिए गवाहों को सामने लाएंगे। रजत के खिलाफ IPC की धारा 279, 338 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनपर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण गंभीर चोट पहुंचाने का मुकदमा दायर किया गया है। एक डॉक्टर ने कहा कि ICU में भर्ती राजेश को सिर में गंभीर चोट लगी है।

करियर

इन फिल्मों में नजर आए रजत

रजत के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने 40 से अधिक फिल्मों में काम किया है। ऋतिक रोशन की सुपरहिट फिल्म 'कोई मिल गया' में राज सक्सेना की भूमिका के लिए उन्हें याद किया जाता है। उन्होंने 'रक्त', 'खामोश' और 'रॉकी: द रेबेल' जैसी फिल्मों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। अभिनेता रजत को डेविड धवन की फिल्म 'चोर मचाये शोर', 'इंटरनेशनल खिलाड़ी' और 'अक्सर' में भी देखा गया है।