कॉमेडियन हर्ष गुजराल और मधुर विराली की बढ़ी मुश्किलें, महाराष्ट्र साइबर सेल ने भेजा समन
क्या है खबर?
मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन हर्ष गुजराल और मधुर विराली को महाराष्ट्र साइबर सेल द्वारा समन भेजा गया है। आरोप है कि एक शाे के दौरान उन्होंने कॉमेडी के नाम पर कथित तौर पर कुछ अश्लील और आपत्तिजनक बातें कीं। इसकी पूछताछ के लिए उन्हें 19 अक्टूबर को साइबर सेल के सामने पेश होना पड़ेगा। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एक महिला से मिली शिकायत की जांच के बाद शुरू की गई।
आरोप
हर्ष और मधुर पर अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप
आरोप है कि दोनों ने अपने हालिया स्टैंड-अप एक्ट्स और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कथित तौर पर अश्लील, संवेदनशील और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
नतीजन, उन्हें पूछताछ के लिए 19 अक्टूबर को साइबर सेल के सामने पेश होना पड़ेगा।
उनके खिलाफ यह कार्रवाई महाराष्ट्र साइबर सेल द्वारा डिजिटल रचनाकारों की आपत्तिजनक सामग्री को लक्षित करते हुए चलाए जा रहे व्यापक और बहु-वर्षीय अभियान का हिस्सा है।
परिचय
जानिए कौन हैं हर्ष और मधुर
उत्तर प्रदेश के कानपुर से ताल्लुक रखने वाले हर्ष एक मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं, जिन्हें उनकी शानदार पंचलाइन और मजेदार कॉमेडी के लिए जाना जाता है।
वह अर्जुन कपूर की फिल्म 'मेरे हस्बैंड की बीवी' (2025) से बॉलीवुड में डेब्यू कर चुके हैं। हाल ही में उन्हें 'खतरों के खिलाड़ी 15' में भी देखा गया था।
वहीं, मधुर एक स्टैंड-अप कॉमेडियन और IIT दिल्ली के पूर्व छात्र हैं, जिन्हें चर्चित कॉमेडी शो 'द IIT ड्रीम' से लोकप्रियता हासिल हुई थी।