रैपर हनी सिंह को महाराष्ट्र साइबर सेल ने भोजा समन, LOC जारी करने की चेतावनी
क्या है खबर?
मशहूर रैपर-गायक हनी सिंह को महाराष्ट्र की साइबर सेल ने समन जारी किया है। यह कार्रवाई दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत के संबंध में की गई, जिसकी पूछताछ के लिए रैपर को 16 अक्टूबर को पेश होने के लिए कहा गया है। इससे पहले साइबर सेल ने हनी को 3 बार समन भेजा था, लेकिन उस वक्त उन्हाेंने विदेश में होने का हवाला दिया।
मामला
कॉन्सर्ट के दौरान अश्लील टिप्पणी करने पर छिड़ा विवाद
NDTV के मुताबिक, मामला दिल्ली के कॉन्सर्ट से जुड़ा है, जहां हनी ने कथित तौर पर एक अश्लील टिप्पणी की थी। बाद में परफॉर्मेंस का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर कई यूजर्स ने उनकी आलोचना की।
कड़े विरोध के बाद, हनी के खिलाफ साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई।
बाद में, रैपर ने वीडियो जारी करते हुए माफी मांगी थी और कहा था कि उनका इरादा लोगों को ठेस पहुंचाना नहीं था।
चेतावनी
साइबर सेल ने रैपर को दी कड़ी चेतावनी
मामले की पूछताछ के लिए साइबर सेल ने हनी को पूर्व में 3 बार समन जारी किया था, लेकिन रैपर पेश नहीं हुआ। उन्होंने इसका कारण विदेश में होना बताया था।
अब साइबर सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि रैपर निर्धारित तारीख पर उपस्थित नहीं होते हैं तो अधिकारी उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
फिलहाल, रैपर की ओर से मामले पर काेई प्रतिक्रिया नहीं आई है।