'रामायण' की टीम पर क्यों भड़के 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' के निर्माता? लगाए ये गंभीर आरोप
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' अपनी रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। अंजलि अरोड़ा की फिल्म 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' के निर्माताओं का आरोप है कि उनकी फिल्म के खिलाफ लगातार "नकारात्मक मार्केटिंग" कराई गई, जिसके चलते उसे सिनेमाघरों में दर्शकों तक पहुंचने का मौका नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि जिन्होंने फिल्म को देखा, उन्होंने तारीफ की। फिल्म के निर्माता प्रकाश महोबिया ने कहा कि वह एक बार फिर अपनी फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करेंगे।
दावा
यूट्यूबर्स और इन्फ्लुएंसर्स से नकारात्मक मार्केटिंग कराने का आरोप
इंडिया टुडे से बातचीत में, महोबिया ने कहा, "यह पूरी तरह से नकारात्मक मार्केटिंग थी। हमें अपने दर्शकों तक पहुंचने का मौका ही नहीं मिला। जिन लोगों ने हमारी फिल्म देखी, उन्हें यह वाकई पसंद आई। लेकिन अगर उन्होंने इसे देखा नहीं, तो वे अपनी राय कैसे देंगे?"
उन्होंने कहा, "यूट्यूबर्स, इन्फ्लुएंसर्स और अन्य लोगों को नकारात्मक मार्केटिंग के अवसर दिए गए। वे गलत जानकारी फैला रहे हैं। लोगों से हमारी फिल्म न देखने का आग्रह कर रहे हैं। "
वजह
नमित मल्होत्रा की 'रामायण' कैसे आरोपों के घेरे में आई?
जब महोबिया से पूछा गया कि क्या वह नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की टीम पर कथित अभियान के पीछे होने का आरोप लगा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्हें यकीन नहीं है, लेकिन उन्हें यही बताया गया है।
अभिषेक सिंह द्वारा निर्देशित 'महाकाव्य श्री रामायण कथा' 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें अंजलि, देव शर्मा और रजनीश दुग्गल मुख्य भूमिकाओं में हैं।
सैकनिल्क के मुताबिक, इसने विश्व स्तर पर सिर्फ 46 लाख रुपये कमाए हैं।