
'लाहौर 1947' से लेकर 'सफर' तक, इन फिल्मों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करेंगे सनी देओल
क्या है खबर?
सनी देओल पिछली बार फिल्म 'गदर 2' में नजर आए थे। हमेशा की तरह इस फिल्म में उनके काम को काफी सराहा गया और बॉक्स ऑफिस पर भी यह शानदार कमाई करने में सफल रही है। यह सनी के करियर की की सबसे कमाऊ फिल्म बनकर उभरी।
इन दिनों सनी फिल्म 'जाट' में नजर आ रहे हैं, जिसने 9.50 करोड़ रुपये के साथ बॉक्स ऑफिस पर अपना खाता खोला है।
आइए सनी की आगामी फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।
#1
'लाहौर 1947'
'जाट' के बाद सनी फिल्म 'लाहौर 1947' में नजर आएंगे, जिसके निर्देशक राजकुमार संतोषी हैं।
दोनों की जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को 'घायल' और 'दामिनी' जैसी हिट फिल्में दी हैं। 1996 में आई फिल्म 'घातक' के लिए सनी और संतोषी आखिरी बार साथ आए थे।
खास बात यह है कि आमिर खान इस फिल्म पर पैसा लगा रहे हैं। फिल्म में सनी के साथ अभिनेत्री प्रीति जिंटा नजर आएंगी।
'लाहौ 1947' को जून, 2025 में रिलीज किया जाएगा।
#2
'बॉर्डर 2'
सनी की फिल्म 'बॉर्डर 2' भी कतार में है। यह साल 1997 में आई फिल्म 'बॉर्डर' का सीक्वल है, जिसका निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था।
इस फिल्म में वरुण धवन भी मुख्य भूमिका में होंगे। दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी इस फिल्म का अहम हिस्सा हैं।
फिल्म के निर्देशन की कमान अनुराग सिंह ने संभाली है, वहीं भूषण कुमार इसके निर्माता हैं।
यह फिल्म गणतंत्र दिवस के मौके पर यानी 23 जनवरी, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
#3
'रामायण: पार्ट 1'
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण' पिछले लंबे समय से चर्चा में है। ऐलान होने के बाद से ही यह फिल्म सुर्खियों में बनी हुई है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम तो साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं, वहीं हनुमान के किरदार के लिए सनी को चुना गया है।
'रामायण' का पहला दिवाली, 2026 में रिलीज किया जाएगा, वहीं इसका दूसरा भाग 2027 में दिवाली के मौके पर ही दर्शकों के बीच आएगा।
#4
'सफर'
सनी के हाथ में फिल्म 'सफर' भी है। इस पारिवारिक ड्रामा फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इसमें सनी एक एक पारिवारिक व्यक्ति की भूमिका निभाते हैं, जो जीवन की चुनौतियों के कारण हर पल का आनंद लेना सीखता है।
इस फिल्म में सनी के अलावा दर्शन जरीवाला और सिमरन बग्गा जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
'सफर' सीधा OTT प्लेटफॉर्म पर दस्तक देगी। फिल्म का काम फिलहाल शुरुआती चरण में है।