धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में कीर्ति कुल्हारी की 'किनारे' बढ़ाएगी भारत का मान
क्या है खबर?
कीर्ति कुल्हारी अपने फिल्मी करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के लिए तैयार हैं। उनके प्रोडक्शन 'किंटसुकुरोई फिल्म्स' की पहली निर्मित फिल्म 'किनारे' को आगामी धर्मशाला अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (DIFF) में प्रदर्शित किया जाएगा। अकबर कादरी और आजम कादरी द्वारा लिखित और निर्देशित, इस फिल्म से कीर्ति ने बतौर निर्माता अपना पर्दापण किया है। उन्होंने सह-निर्माता अभिषेक कोका और मानसी गुप्ते के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है।
प्रतिक्रिया
'किनारे' को दुनिया के सामने रखने के लिए तैयार हैं कीर्ति
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, DIFF 2026 में 'किनारे' के प्रदर्शित होने को लेकर कीर्ति ने अपनी खुशी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि यह बतौर निर्माता उनकी पहली रचना है, जो हमेशा खास रहेगी। यह एक ऐसी पटकथा है जो उनके दिल को छू गई। यह एक सरल, भावपूर्ण और सूक्ष्म फिल्म है।
उन्होंने बताया कि वह बहुत खुश और गर्वित महसूस कर रही हैं कि वह 'किनारे' को दुनिया के सामने पेश कर पाईं।
फिल्म
अकेली महिला और उसकी चुनौतियों पर आधारित है कहानी
दिल्ली के पास एक गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित, 'किनारे' अमीना (कीर्ति) नाम की महिला की कहानी है, जिसका जीवन बूढ़े माता-पिता की देखभाल और घर-परिवार संभालने में बीतता है।
15 साल बाद, उसके चचेरे भाई (आजम) के आने से अमीना का पुराना अतीत सामने आता है और सबकुछ बदल देता है। यह मोड़ उसे अतीत के साथ अधिक शांति और वर्तमान को स्वीकार करने की शक्ति देता है।
फिल्म में राजीव सिद्धार्थ, अलका अमीन और रवि तनेजा भी हैं।