LOADING...
'KGF' से लोकप्रिय हुए अभिनेता कृष्णा जी राव का 70 साल की उम्र में निधन
कृष्णा जी राव का निधन

'KGF' से लोकप्रिय हुए अभिनेता कृष्णा जी राव का 70 साल की उम्र में निधन

Dec 08, 2022
11:46 am

क्या है खबर?

सुपरहिट फिल्म 'KGF' से चर्चा में आए अभिनेता कृष्णा जी राव का 70 साल की उम्र में निधन हो गया है। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि उन्हें गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्यओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अच्छे इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। सोशल मीडिया पर इस खबर से उनके प्रशंसक दुखी हो गए हैं। वे उनके निधन पर शोक जता रहे हैं और उनकी भूमिका को याद कर रहे हैं।

दुखद

कई दिनों से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे अभिनेता

कृष्णा कई दिनों से जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रहे थे। वह ICU में थे। वहां भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं आया। बुधवार को बेंगलुरु के अस्पताल में वह आखिर इस जंग से हार गए। 'KGF' प्रोडक्शन हाउस ने ट्विटर पर कृष्णा को श्रद्धांजली देते हुए उनकी एक तस्वीर साझा कर लिखा, 'होमेबल फिल्म टीम की ओर से कृष्णा जी राव को भावभीनी श्रद्धांजलि। इन्हें 'KGF' फैंस द्वारा टाटा के नाम से जाना जाता है। ओम शांति।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्ट

किरदार

'KGF' में निभाई थी ये भूमिका

कृष्णा 'KGF' में एक बधिर बुजुर्ग की भूमिका में थे। उनकी भूमिका को 'KGF' ग्रैंड फादर के नाम से जाना जाता है। फिल्म में कृष्णा जी राव का वह सीन खूब मशहूर है, जहां वह रॉकी भाई और नराची की लड़ाई से पहले नजर आए थे। फिल्म में नराची बूढ़े व्यक्ति को मारने की कोशिश करता है, लेकिन तभी वहां पर रॉकी भाई की एंट्री हो जाती है। पिछले कई सालों से कृष्णा साउथ इंडस्ट्री में काम कर रहे थे।

जानकारी

असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर भी किया काम

कृष्णा ने कई फिल्मों में सहायक भूमिकाएं निभाईं। अपने करियर के दौरान कई दशकों तक उन्होंने असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया। हाल ही में उनकी आगामी फिल्म 'नानो नायाणप्पा' का ट्रेलर लॉन्च हुआ था, जिसमें वह दस सिर वाले किरदार में दिखे थे।

फिल्म

कब रिलीज हुई थी 'KGF'?

'KGF' 2018 में आई थी। इसने 66वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ एक्शन और सर्वश्रेष्ठ स्पेशल अफेक्ट्स के लिए दो पुरस्कार जीते थे, वहीं 66वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ में इसने सर्वश्रेष्ठ फिल्म और यश ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार अपने नाम किया था। फिल्म में यश का किरदार रॉकी भाई इतना लोकप्रिय हुआ कि इसका दूसरा भाग 'KGF 2' लाया गया, जो इस साल 14 अप्रैल को दर्शकों के बीच आया। बॉक्स ऑफिस पर इसने भी धुआंदार कमाई की।

निधन

इस साल कन्नड़ सिनेमा के इन सितारों ने भी छोड़ी दुनिया

बता दें कि यह साल कन्नड़ सिनेमा के लिए काफी दुखदायी रहा। मशहूर अभिनेता राजेश ने भी इसी साल फरवरी में आखिरी सांस ली थी। कई फिल्मों और टीवी धारावाहिकों में काम कर चुके कन्नड़ अभिनेता मोहन जुनेजा का इस साल मई में निधन हुआ था। वह एक लंबी बीमारी से पीड़ित थे। कन्नड़ फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री भार्गवी नारायण और अभिनेता अशोक राव ने भी इसी साल फरवरी में दुनिया को अलविदा कहा था।