'इंडियाज बेस्ट डांसर 4' में जज की कुर्सी संभालेंगी करिश्मा कपूर, ली सोनाली बेंद्रे की जगह
क्या है खबर?
टीवी रियलिटी शोज को लेकर भी दर्शकाें के बीच एक अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। इनकी लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ रही है। ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को अपने शो की ओर आकर्षित करने के लिए निर्माता भी नए-नए पैंतरे अपनाते रहते हैं।
अब खबर है कि करिश्मा कपूर को 'इंडियाज बेस्ट डांसर 4' में जज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खुद करिश्मा भी शो से जुड़कर बेहद उत्साहित हैं।
आइए जानते हैं क्या कुछ जानकारी मिली है।
जिम्मेदारी
मलाइका, सोनाली के बाद करिश्मा करेंगी जज
इंडिया टुडे के मुताबिक, करिश्मा डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' के चौथे सीजन में जज की भूमिका निभाने वाली हैं। उन्होंने शो में सोनाली बेंद्रे की जगह ली है। शो के पहले और दूसरे सीजन में मलाइका अरोड़ा को शामिल किया गया था।
सूत्र के मुताबिक, निर्माता इस बार एक नई बॉलीवुड अभिनेत्री की तलाश में थे। करिश्मा न सिर्फ एक बेहतरीन डांसर रही हैं, बल्कि प्रशंसकों के बीच उनकी लोकप्रियता आज भी जबरदस्त है।
उत्साहित
शो से जुड़कर खुश हैं करिश्मा
सूत्र ने यह भी बताया कि करिश्मा के पास जब इस शो को जज करने का प्रस्ताव आया तो उन्होंने इसके लिए फौरन रजामंदी दे दी।
करिश्मा इस शो की शुरू से ही प्रशंसक रही हैं। इसी वजह से उन्होंने इसके लिए हां कहने में देर नहीं लगाई। दिलचस्प बात यह है कि करिश्मा पहले ही इस शो से गेस्ट जज के रूप में पहले जुड़ चुकी हैं।
टेरेंस लुईस और गीता कपूर जज पैनल में उनके साथ दिखाई देंगी।
शुरुआत
2020 में आया था शो का पहला सीजन
'इंडियाज बेस्ट डांसर' फ्रेम्स प्रोडक्शन इंडिया के बैनर तले बना एक लोकप्रिय रिएलिटी शो है। इसके पहला सीजन 2020 में आया था और दूसरे सीजन की शुरुआत 16 अक्टूबर, 2021 में हुई थी।
शो के पहले सीजन के विजेता हरियाणा के टाइगर पॉप थे।
सौम्या कांबले ने 'इंडियाज बेस्ट डांसर 2' की ट्रॉफी अपने नाम की थी और तीसरे सीजन के विजेता समर्पण लामा थे। 30 सितंबर, 2023 को तीसरे सीजन का फिनाले हुआ था।
आगामी वेब सीरीज
करिश्मा वेब सीरीज 'ब्राउन' में आएंगी नजर
करिश्मा ने 'कुली नंबर 1' से लेकर 'राजा हिन्दुस्तानी' और 'दिल तो पागल है' से लेकर 'अंदाज अपना अपना' जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया है।
पिछली बार करिश्मा फिल्म 'मर्डर मुबारक' में नजर आई थीं, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी।
अब जल्द ही करिश्मा वेब सीरीज 'ब्राउन' में नजर आएंगी, जिसमें वह एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाने वाली हैं। उनके किरदार का नाम रीता 'ब्राउन' है। इसके लिए उन्होंने बंगाली भाषा भी सीखी है।