Page Loader
अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में किम कार्दशियन समेत ये हॉलीवुड सितारे होंगे शामिल
अनंत अंबानी की शादी की शोभा बढ़ाएंगे ये हॉलीवुड सितारे

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में किम कार्दशियन समेत ये हॉलीवुड सितारे होंगे शामिल

Jul 11, 2024
06:36 pm

क्या है खबर?

दिग्गज उघोगपति मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है। शादी से पहले होने वाली रस्में जोर-शोर से चल रही हैं। इस शादी से जुड़ी हर जानकारी पर देशभर के लोग नजर बनाए हुए हैं। यह जानने के लिए भी लोग बेसब्र हैं कि आखिर अंबानी की शादी का न्योता हॉलीवुड की किन हस्तियों को दिया गया है। आइए जानें सात समंदर पार से कौन-से मेहमान शादी में शिरकत करेंगे।

ग्लैमर का तड़का

कार्दशियन बहनें बढ़ाएंगी रौनक

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट की मानें तो किम कार्दशियन और ख्लो कार्दशियन भी अंबानी परिवार की शादी का हिस्सा बनने वाली हैं। दाेनों बहनाें को खासतौर से शादी का निमंत्रण दिया गया है। अनंत के प्री-वेडिंग कार्यक्रम में जहां रिहाना और जस्टिन बीबर जैसे सितारों ने धूम मचाई, वहीं अब दुनियाभर में मशहूर कार्दशियन बहनें इस शादी में अपना जलवा बिखेरती दिखेंगी। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें खुद भी इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं।

गायकी

इनकी गायकी से बंधेगा समा

अमेरिका की मशहूर गायिका अडेल काे शादी का न्योता मिला है। विदेशों में एडेल की आवाज का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोलता है। अब वह भारतीय दर्शकाें को अपना दीवाना बनाएंगी। अमेरिकी गायिका और गीतकार लाना डेल रे भी अंबानी की शादी में आने वाली हॉलीवुड हस्तियों में शुमार हैं। राधिका, लाना की बड़ी फैन हैं। उन्हीं की फरमाइश पर उन्हें खासतौर से शादी में बुलाया गया है। जाने-माने अंतरराष्ट्रीय रैपर ड्रेक भी शादी में शामिल होने वाले हैं।

बॉलीवुड सितारे

प्रियंका चोपड़ा भी पहुंचीं भारत

मशहूर लोक कलाकार मामे खान को अंबानी परिवार ने अनंत और राधिका की शादी में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर इस कार्यक्रम को लेकर अपनी उत्सुकता भी जाहिर की है। सलमान खान से लेकर रणवीर सिंह, शाहरुख खान, अक्षय कुमार और आमिर खान समेत बॉलीवुड के कई कलाकारों के शादी में शामिल होने की उम्मीद है। प्रियंका चोपड़ा भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराेने के लिए अपने पति निक जोनस के साथ भारत पहुंच गई हैं।

नेक काम

अंबानी परिवार ने शादी से पहले उठाया दिल छू लेने वाला कदम

अनंत-राधिका की शादी 12 जुलाई को होनी है। यह शादी मुंबई स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगी। बेटे की शादी से पहले मुकेश ने एक नेक काम किया है, वो भी अपने मुंबई स्थित एंटीलिया पर। अंबानी ने शादी से पहले विशाल भंडारे का आयोजन किया। दरअसल, अंबानी परिवार घर में होने वाले शुभ अवसरों की शुरुआत अन्न सेवा से करता है। इससे पहले जामनगर में हुए प्री-वेडिंग कार्यक्रम का शुभारंभ भी अन्न सेवा से किया गया था।