LOADING...
कंगना रनौत की हुई ट्विटर पर वापसी, देखिए क्या किया पहला ट्वीट
कंगना रनौत की हुई ट्विटर पर वापसी (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@kanganaranaut)

कंगना रनौत की हुई ट्विटर पर वापसी, देखिए क्या किया पहला ट्वीट

Jan 24, 2023
06:12 pm

क्या है खबर?

कंगना रनौत बॉलीवुड की उन अभिनेत्रियों में से एक हैं जो सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखती हैं। वह कई तरह की राजनीतिक विवादों में भी फंस चुकी हैं। 2021 में उनके कई ट्वीट्स पर खूब विवाद हुआ था जिसके बाद उनका ट्विटर अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था। अब करीब डेढ़ साल बाद उनका अकाउंट फिर से चालू कर दिया गया। कंगना ने ट्विटर पर अपनी वापसी की खुशी जताई।

प्रतिक्रिया

वापसी पर लोगों ने दी अपनी प्रतिक्रिया

ट्विटर पर ही कंगना ने अपनी वापसी की सूचना दी। उन्होंने लिखा, 'यहां वापस आकर अच्छा लग रहा है।' कंगना के ट्वीट के बाद उनके प्रशंसकों ने भी उनकी वापसी पर खुशी जाहिर की। कई यूजर्स ने लिखा, 'आइए, आपका इंतजार था।' कई लोगों ने कंगना के आते ही उनके ट्वीट पर राजनीतिक टिप्पणियां भी शुरू कर दीं। इसके बाद कंगना ने अगले ट्वीट में अपनी आने वाली फिल्म 'इमरजेंसी' का एक बिहाइन्ड द सीन वीडियो शेयर किया।

ट्विटर पोस्ट

वापसी के बाद कंगना का पहला ट्वीट

मामला

कंगना का अकाउंट क्यों हुआ था सस्पेंड?

मई 2021 में पश्चिम बंगाल में हिंसा के बारे में कंगना ने कई ट्वीट किए थे। उनके कई ट्वीट पर ट्विटर की नीतियों के उल्लंघन को लेकर उन्हें चेतावनी दी गई थी। उनके ट्वीट पर समुदाय विशेष के खिलाफ नफरत फैलाने का आरोप था। इसके बाद उनके ट्विटर अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया था। अकाउंट सस्पेंड होने के बाद कंगना ने अपने बयान में इस सेंसरशिप के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया था।

बयान

अकाउंट सस्पेंड होने के बाद कंगना ने कही थी यह बात

अपने बयान में कंगना ने कहा था, "ऐसे करके वे मेरी ही बात को साबित कर रहे हैं। वे बता रहे हैं कि वे अमेरिकी हैं और वह हमपर अपना अधिकार समझते हैं। वे हमें बताना चाहते हैं कि क्या सोचना और बोलना है। मेरे पास अपनी आवाज उठाने के कई साधन हैं लेकिन मुझे देश के उनके लिए बुरा लगता है जो सालों से प्रताड़ना और गुलामी झेल रहे हैं और अब भी इसका कोई अंत नहीं दिखता।"

बदलाव

एलन मस्क ने बदली थी कंटेंट नीति

पिछले साल एलन मस्क के ट्विटर के मालिक बनने के बाद नई कंटेट मोडरेशन नीति जारी की गई थी। इसके तहत कई चीजों में बदलाव किया गया था। इसके बाद प्रतिबंधित ट्विटर अकाउंट को फिर से चालू करने का काम भी शुरू हुआ था। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रतिबंधित अकाउंट दोबारा चालू होना भी चर्चा में था। इसके बाद से कंगना के प्रशंसक उनके अकाउंट को चालू करने की मांग कर रहे थे।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

कंगना रनौत अपनी आने वाली फिल्म 'इमरजेंसी' को लेकर चर्चा में हैं। यह इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल पर आधारित है। फिल्म 20 अक्टूबर 2023 को रिलीज होगी।