बॉक्स ऑफिस पर 'जेलर 2' का बड़ा धमाका, पर नहीं टूट पाया 'कुली' का महा-रिकॉर्ड
क्या है खबर?
रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' ने 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में धमाकेदार एंट्री की है। सकारात्मक समीक्षाओं और प्रशंसकों के जबरदस्त उत्साह के बावजूद ये फिल्म रजनीकांत की पिछली ब्लॉकबस्टर 'कुली' की पहले दिन की कमाई का रिकॉर्ड तोड़ने से थोड़ा पीछे रह गई। खैर, फिर भी थलाइवा का जलवा कायम है और उन्हें देखने के लिए सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। आइए जानें पहले दिन 'जेलर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर कितने नोट छापे।
कमाई
'कुली' को नहीं दे पाई मात
'जेलर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन भारत में 59.70 करोड़ का कारोबार किया है।
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, देशभर में 16,599 से ज्यादा शोज के साथ फिल्म ने ये बड़ा आंकड़ा हासिल किया।
हालांकि, इतने शानदार कारोबार के बावजूद ये रजनीकांत की ही पिछली फिल्म 'कुली' के 65 करोड़ की ओपनिंग का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई, वहीं, दुनियाभर में फिल्म ने कुल 125.25 करोड़ कमाए हैं।
कमाई का हिस्सा
विवाद के चक्कर में हिंदी पट्टी में फुस्स हुई कमाई
'जेलर 2' की कमाई में सबसे बड़ा योगदान तमिल भाषा का रहा, जिसने 9,326 शोज से 43.35 करोड़ रुपये छापे।
तेलुगू वर्जन ने 2,792 शोज से 12.50 करोड़ का कारोबार किया, वहीं OTT विंडो विवाद के चलते उत्तरी भारत के PVR-Inox सिनेमाघरों में रिलीज न होने का खामियाजा हिंदी वर्जन को भुगतना पड़ा, जिसने 4,371 शोज से महज 3.50 करोड़ रुपये कमाए। इसके अलावा, कन्नड़ भाषा से फिल्म के खाते में 35 लाख रुपये आए।