माता-पिता बने विराट और अनुष्का, अभिनेत्री ने बच्ची को दिया जन्म

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के घर एक नन्हें मेहमान का आगमन हुआ है। कोहली की पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने आज दोपहर एक बच्ची को जन्म दिया है। भारतीय कप्तान ने ट्विटर पर यह खुशखबरी अपने चाहने वालों के साथ साझा की है। कोहली अपने बच्चे के जन्म के कारण ही ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहला टेस्ट खेलने के बाद वापस भारत लौट आए थे।
कोहली ने ट्विटर पर संदेश लिखा, 'हम दोनों को यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि आज दोपहर हमारे यहां बेटी हुई है। हम आपके प्यार और मंगलकामनाओं के लिए दिल से आभारी हैं।' उन्होंने आगे लिखा, 'अनुष्का और हमारी बेटी, दोनों बिल्कुल ठीक हैं और हमारा सौभाग्य है कि हमें इस जिंदगी का यह चैप्टर अनुभव करने को मिला। हम जानते हैं कि आप यह जरूर समझेंगे कि इस समय हम सब को थोड़ी प्राइव'सी चाहिए होगी।"
विराट ने अंग्रेजी और हिन्दी दोनों भाषाओं में यह खुशखबरी अपने चाहने वालों को दी है। यह पोस्ट उन्होंने ट्विटर के अलावा फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया है। इसके बाद से ही विराट और अनुष्का को आम लोगों सहित मशहूर हस्तियों से भी ढेरों शुभकामनाएं मिल रही है। इस खबर के सामने आते ही दोनों सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने लगे हैं। बता दें कि अनुष्का ने मुंबई के एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया है।
— Virat Kohli (@imVkohli) January 11, 2021
गौरतलब है विराट ने अगस्त, 2020 में ऐलान किया था कि 2021 की जनवरी में वह दो से तीन हो जाएंगे। उन्होंने अनुष्का और अपनी एक तस्वीर भी पोस्ट की थी जिसमें अभिनेत्री का बेबी बंप दिख रहा था। अभिनेत्री को अक्सर अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करते देखा गया। हाल में उन्होंने एक मैगजीन के कवर पेज के लिए फोटोशूट भी करवाया। मैगजीन के साथ इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वह अपने बच्चे को सोशल मीडिया से दूर रखेंगी।
And then, we were three! Arriving Jan 2021 ❤️🙏 pic.twitter.com/0BDSogBM1n
— Virat Kohli (@imVkohli) August 27, 2020
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने से पहले ही कोहली ने पिता बनने के लिए छुट्टी मांगी थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने सुपरस्टार की मांग को मान लिया और उन्हें अंतिम तीन टेस्ट मिस करने की अनुमति दे दी। कोहली ने डे-नाइट टेस्ट खेला और फिर वापस भारत चले आए थे। जनवरी के पहले हफ्ते में उनके पिता बनने की उम्मीद जताई गई थी। नए साल पर उन्होंने सादगी से जश्न मनाने का फोटो शेयर किया था।
गौरतलब है कि विराट और अनुष्का ने 11 दिसंबर, 2017 को शादी की थी। इस दौरान दोनों के सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। इसके बाद इन्होंने शानदार रिसेप्शन पार्टी दी, जिसमें लगभग पूरा बॉलीवुड और खेल जगत की हस्तियां उमड़ पड़ी थी। इनकी शादी लंबे समय तक चर्चा में रही। आज इन दोनों को बॉलीवुड के सबसे खूबसूरत कपल में से एक कहा जाता है। फैंस इन दोनों को 'विरुष्का' नाम दिया है।
इस साल के पहले ही दिन भारत के तेज गेंदबाज उमेश यादव भी पिता बने हैं। उमेश चोटिल होकर ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दो टेस्ट से बाहर हो गए थे। उमेश की पत्नी तान्या वाधवा ने 01 जनवरी को बच्ची को जन्म दिया था। उमेश ने ट्विटर पर अपने फैंस के साथ इस खुशखबरी को साझा किया था। तान्या दिल्ली की रहने वाली फैशन डिजाइनर हैं। 29 मई, 2013 को दोनों की शादी हुई थी।