Page Loader
उर्फी जावेद का इंस्टाग्राम अकाउंट हो गया था सस्पेंड, अपील करने के बाद मिला वापस 
सस्पेंड हो गया था उर्फी का इंस्टाग्राम अकाउंट

उर्फी जावेद का इंस्टाग्राम अकाउंट हो गया था सस्पेंड, अपील करने के बाद मिला वापस 

Dec 03, 2023
01:09 pm

क्या है खबर?

टीवी अभिनेत्री और सोशल मीडिया स्टार उर्फी जावेद अक्सर चर्चा में रहती हैं। अपने अतरंगी फैशन और बयानों के कारण वह सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहती हैं। सोशल मीडिया पर वह जितनी लोकप्रिय हैं, उतने ही उनके आलोचक भी हैं। हालांकि, उर्फी ट्रोलर्स को अक्सर करारा जवाब भी देती हैं। अब उर्फी ने जानकारी दी है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था। अकाउंट वापस मिलने पर उन्होंने फिर से ट्रोलर्स के लिए संदेश दिया है।

खबर

सस्पेंड हो गया था उर्फी का इंस्टाग्राम अकाउंट

उर्फी ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर स्क्रीशॉट साझा कर बताया कि उनका अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था। स्क्रीनशॉट में इंस्टाग्राम की तरफ से अकाउंट सस्पेंड करने की जानकारी दी गई है। पोस्ट के मुताबिक 3 दिसंबर को उनका अकाउंट सस्पेंड हो गया था। उर्फी को जब अपना अकाउंट वापस मिला तो उन्होंने इस खबर के साथ लिखा, 'आज कई लोगों की दुआएं कुबूल हो गई थीं।' कम्युनिटी गाइडलाइन्स का पालन न करने के कारण उनका अकाउंट सस्पेंड हुआ था।

प्रतिक्रिया 

किसी ने दिया ताना तो किसी ने बढ़ाया हौसला

उर्फी के इस पोस्ट पर उनके खिलाफ नफरत भरे कमेंट की बाढ़ आ गई। हालांकि, उनके चाहनेवालों ने उनका हौसला भी बढ़ाया। एक यूजर ने लिखा, 'ऐसा नहीं होना चाहिए। जो लोग हंस रहे हैं, उन्हें कभी समझ नहीं आएगा कि एक कंटेंट क्रिएटर के लिए उसका अकाउंट क्या मायने रखता है। आपको उनकी ड्रेस दिखती है, उनकी मेहनत नहीं। वह कोई स्टारकिड नहीं है। वह ईमानदारी से बता चुकी हैं कि वह कमाने के लिए ऐसा करती हैं।'

प्रैंक 

प्रैंक के कारण मुश्किल में घिरी थीं उर्फी 

बीते दिनों उर्फी एक प्रैंक के कारण मुश्किल में फंस गई थीं। एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें महिला पुलिस अधिकारी उर्फी को गिरफ्तार करती नजर आई थीं। इसके बाद हर तरफ उर्फी की गिरफ्तारी की खबरें छाई थीं। बाद में यह उर्फी का प्रैंक साबित हुआ था। उर्फी को यह प्रैंक महंगा पड़ा था। पुलिस की छवि का गलत इस्तेमाल करने के लिए मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ असली में मुकदमा दर्ज कर लिया था।

लोकप्रियता

इस शाे से लोकप्रिय हुईं उर्फी

उर्फी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 2016 में की थी। उनका पहला टीवी शो 'बड़े भैया की दुल्हनिया' था। इसके बाद वह 'चंद्र नंदिनी', 'जीजी मां', 'मेरी दुर्गा', 'डायन', 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' और 'कसौटी जिंदगी की' जैसे लोकप्रिय शो में दिखाई दीं। 'बिग बॉस OTT' के पहले सीजन से उन्हें नई लोकप्रियता मिली। इसके बाद ही वह सोशल मीडिया पर छा गईं। वह 'MTV स्प्लिट्सविला 14' में भी नजर आई थीं।

जानकारी

एकता कपूर की इस फिल्म में दिखेंगी उर्फी

उर्फी को लेकर तरह-तरह की खबरें आती रहती हैं। कुछ दिन पहले चर्चा थी कि उर्फी के जीवन पर वेब सीरीज बनने वाली है। हालांकि उर्फी ने इन खबरों का खंडन किया था। चर्चा है कि उर्फी एकता कपूर की फिल्म 'LSD 2' में दिखेंगी।