
'कुबेरा' के बाद इन फिल्मों में नजर आएंगे धनुष, आपको किसका इंतजार?
क्या है खबर?
अभिनेता धनुष की फिल्म 'कुबेरा' इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों के मनोरंजन के लिए लगी हुई है। धनुष की अदाकारी और फिल्म की कहानी को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। इस फिल्म में नागार्जुन, जिम सर्भ, दलीप ताहिल और रश्मिका मंदाना जैसे कलाकार भी नजर आ रहे हैं। शेखर कम्मुला के निर्देशन में बनी फिल्म 'कुबेरा' ने बॉक्स ऑफिस पर 13 करोड़ रुपये के साथ अपना खाता खोला। आइए धनुष की आगामी फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।
#1
'इडली कढ़ाई'
काफी समय से धनुष फिल्म 'इडली कढ़ाई' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। खास बात यह है कि 'पा पांडी' (2017) और 'रायन' (2024) के बाद यह धनुष की बतौर निर्देशक तीसरी फिल्म है। इस फिल्म में वह अभिनय करते भी नजर आएंगे। अरुण विजय और नित्या मेनन भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। 'इडली कढ़ाई' को 1 अक्टूबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। धनुष खुद फिल्म का निर्माण आकाश भास्करन के साथ मिलकर कर रहे हैं।
#2
'तेरे इश्क में'
धनुष के पास फिल्म 'तेरे इश्क में' भी है, जिसके निर्देशन की कमान आनंद एल राय ने संभाली है। 'रांझणा' के बाद यह धनुष और आनंद के बीच दूसरा सहयोग है। इस फिल्म में धनुष की जोड़ी कृति सैनन के साथ बनी है, जिसे पहली बार देखा जाएगा। फिल्म में कृति, मुक्ति और धनुष, शंकर का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में एकतरफा और भावनात्मक प्रेम कहानी देखने को मिलेगी। यह फिल्म 28 नवंबर, 2025 को दर्शकों के बीच आएगी।
#3
'कलाम: द मिसाइल मैन ऑफ इंडिया'
धनुष की फिल्म 'कलाम: द मिसाइल मैन ऑफ इंडिया' भी कतार में है। निर्देशक ओम राउत इस बायोपिक का निर्देशन करने जा रहे हैं, जिन्होंने पिछली बार पैन इंडिया स्टार प्रभास को लेकर 'आदिपुरुष' बनाई थी। फिल्म के प्रोडक्शन का काम 'द कश्मीर फाइल्स' जैसी शानदार फिल्म बनाने वाले अभिषेक अग्रवाल और टी-सीरीज के भूषण कुमार मिलकर संभाल रहे हैं। इस फिल्म में धनुष देश के 11वें राष्ट्रपति डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की भूमिका निभा रहे हैं।