Page Loader
हंसल मेहता को आर्थिक तंगी से आते थे आत्महत्या के ख्याल, उबरने में ऐसे मिली मदद
हंसल मेहता ने याद किया बुरा दौर

हंसल मेहता को आर्थिक तंगी से आते थे आत्महत्या के ख्याल, उबरने में ऐसे मिली मदद

Aug 03, 2023
02:43 pm

क्या है खबर?

हंसल मेहता बॉलीवुड में असल दुनिया से प्रेरित क्राइम थ्रिलर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उनकी वेब सीरीज 'स्कूप' चर्चा में थी। 'स्कैम 1992' के बाद मेहता को OTT पर नया दर्शक वर्ग मिला था। हर फिल्म निर्माता की तरह मेहता ने भी अपने करियर में बुरा दौर देखा है। उन्होंने हाल ही में बताया कि 'ओमर्टा' और 'सिमरन' जैसी फिल्मों के बाद वह बुरी तरह टूट गए थे। उन्हें खुदकुशी के ख्याल भी आते थे।

मुश्किलें

'ओमर्टा' और 'सिमरन' के बाद बढ़ीं मुश्किलें

जानेमाने कला निर्देशक नितिन देसाई की आत्महत्या के बाद मेहता ने ट्विटर पर एक लंबा पोस्ट साझा किया और अपने करियर के बुरे दौर की तकलीफ साझा की। उन्होंने लिखा कि भावनाओं पर चलने वाली इस इंडस्ट्री में आर्थिक संघर्ष आपको बहुत कमजोर कर सकता है। इस इंडस्ट्री में उन्होंने कई बार आर्थिक संकटों का सामना किया है। खासकर, 'ओमर्टा' और 'सिमरन' फ्लॉप होने के बाद उनकी मुश्किलों काफी बढ़ गई थीं।

लड़ाई

परिवार और दोस्तों ने दिया साथ

उन्होंने बताया कि कर्ज के बोझ से वह अंधेरे में डूब गए थे। ताकतवर मध्यस्थों ने उनकी स्थिति को और चुनौतीपूर्ण बना दिया था। बहुत पुरानी बात नहीं है, जब वह आत्महत्या के ख्याल से लड़ रहे थे। वह इससे लड़ पाए, क्योंकि उनके पास बात करने के लिए उनका परिवार और कुछ अच्छे दोस्त थे। ऐसा भी समय था जब उनके पास कोई नहीं था। ऐसे समय में उन्हें लगता था कि वह एक अंधेरी, लंबी सुरंग में हैं।

मदद

पेशेवर मदद ली, अपना काम करते रहे

उन्होंने आगे लिखा, 'मेरे पास कोई रचनात्मक विचार नहीं थे। मैं एक इंसान और एक कलाकार के तौर पर खुद को लोगों से कमतर मानने लगा था। किसी तरह मुझमें यह विश्वास था कि यह अंधेरा छंट जाएगा। मैंने पेशेवर मदद भी ली। मैं भाग्यशाली था कि मुझे अपने आप को अपने काम में व्यस्त रखने का मौका मिला, जिससे मैं उस दौर से निकल पाया। नितिन देसाई की दुखद मृत्यु ने मुझे उस दौर की याद दिला दी।'

हंसल मेहता 

राष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुके हैं मेहता

हंसल मेहता बॉलीवुड के जानेमाने निर्माता-निर्देशक हैं। उन्होंने 'शाहिद', 'सिटीलाइट्स', 'अलीगढ़' जैसी बेहतरीन फिल्मों का निर्देशन किया है। 'शाहिद' के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला था। 2020 में उनकी 'वेब सीरीज' 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' IMDb पर सबसे ज्यादा रेटिंग वाले शो में से एक है। वह इसका सीक्वल भी बना रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्म बकिंघम मर्डर में करीना कपूर मुख्य भूमिका निभाएंगी। इस फिल्म की कहानी लंदन की एक घटना पर आधारित होगी।

जानकारी

सहायता लें

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।