Page Loader
जनवरी, 2024 में रिलीज होने वाली हैं ये धांसू फिल्में, मनोरंजन से भरपूर होगा पूरा महीना
जनवरी में रिलीज हो रहीं ये बड़ी फिल्में, पहली बार साथ दिखेंगे विजय सेतुपति और कैटरीना कैफ

जनवरी, 2024 में रिलीज होने वाली हैं ये धांसू फिल्में, मनोरंजन से भरपूर होगा पूरा महीना

Dec 30, 2023
02:13 pm

क्या है खबर?

नए साल की शुरुआत के साथ ही सिनेप्रेमियों को कई बड़ी फिल्मों की सौगात मिलने वाली है। दिसंबर का महीना सिनेमा और सिनेमाघरों दोनों के लिए बढ़िया रहा है। साल के जाते-जाते 'डंकी' और 'सालार' की भिड़ंत ने भी बॉक्स ऑफिस पर खूब सुर्खियां बटोरीं। इस बड़े टकराव के बावजूद दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया प्रदर्शन किया है। बहरहाल, 2024 का आगाज हाेते ही कई ऐसी फिल्में रिलीज होने वाली हैं, जिनका इंतजार दर्शकों को बेसब्री से है।

#1

'फाइटर'

ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण लंबे समय से फिल्म 'फाइटर' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसे लेकर दर्शक इसलिए भी उत्साहित हैं, क्योंकि इसमें पहली बार ऋतिक और दीपिका की जोड़ी देखने को मिलने वाली है। अनिल कपूर भी इस फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। 'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दे चुके सिद्धार्थ आनंद इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। 'फाइटर' गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले यानी 25 जनवरी को सिनेमाघरों का रुख करेगी।

#2

'मेरी क्रिसमस'

कैटरीना कैफ और विजय सेतुपति फिल्म 'मेरी क्रिसमस' में पहली बार साथ दिखाई देंगे। दोनों सितारों के प्रशंसक इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं। कुछ वक्त पहले रिलीज हुए 'मेरी क्रिसमस' के ट्रेलर ने इस फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साह और बढ़ा दिया। फिल्म को श्रीराम राघवन ने निर्देशित किया है। 'मेरी क्रिसमस' एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जो 12 जनवरी को हिंदी और तमिल में रिलीज होगी। फिल्म एक रहस्यमई रात की कहानी है।

#3

'कल्कि 2898 AD'

नाग अश्विन के निर्देशन में बन रही फिल्म 'कल्कि 2898 AD' पिछले काफी समय से अपनी रिलीज को लेकर सुर्खियों में बनी हुई है। सैन डिएगो में हुए कॉमिक-कॉन इवेंट में इस फिल्म का टीजर जारी किया गया था। इस फिल्म के जरिए पहली बार प्रभास और दीपिका पादुकोण की जोड़ी बनने जा रही है, वहीं अमिताभ बच्चन इसमें विलेन की भूमिका में दिखने वाले हैं। फिल्म 12 जनवरी को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाएगी।

#4

'मैं अटल हूं'

जल्द ही अभिनेता पंकज त्रिपाठी फिल्म 'मैं अटल हूं' में दिखाई देंगे। इस फिल्म में वह पूर्व प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार निभा रहे हैं। रवि जाधव के निर्देशन में बनी इस फिल्म का हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है। इस फिल्म का पहला गाना भी दर्शकों को बेहद पसंद आया, जिसमें जुबिन नौटियाल ने अपनी आवाज दी। फिल्म में अटल के जीवन और राजनीति संघर्षों को दिखाया जाएगा। यह फिल्म 19 जनवरी को रिलीज होगी।

जानकारी

ये 2 फिल्में भी चर्चा में

रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या की फिल्म 'लाल सलाम' 12 जनवरी को रिलीज होने वाली है। ऐश्वर्या ने फिल्म का निर्देशन किया है, वहीं रजनीकांत इसमें कैमियो करने वाले हैं। उधर महेश बाबू भी अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'गुंटूर कारम' 12 जनवरी को लेकर आ रहे हैं।