Page Loader
जन्मदिन विशेष: अमर हो गए आशा भोसले के ये गाने, आज भी बरकरार है जादू
आशा भोसले के ये शानदार गाने सुनते ही गुनगुनाने लगते हैं लोग

जन्मदिन विशेष: अमर हो गए आशा भोसले के ये गाने, आज भी बरकरार है जादू

Sep 08, 2023
08:31 am

क्या है खबर?

आशा भोसले ने लगभग 20 भारतीय और विदेशी भाषाओं में गाने गाकर न सिर्फ देश, बल्कि दुनियाभर के दर्शकों के बीच अपनी एक खास जगह बनाई है। उन्होंने अपने संगीत करियर में लगभग 12,000 से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए हैं। संगीत इतिहास में सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने के लिए आशा ताई का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल हाे चुका है। 8 सितंबर को आशा के 90वें जन्मदिन पर आइए उनके कुछ सदाबहार गीतों पर नजर डालें।

#1

'दिल चीज क्या है'

यह गाना शायद ही किसी ने ना सुना हो। 1981 में आई म्यूजिकल ड्रामा फिल्म 'उमराव जान' का गाना आज भी लोगों के लबों पर रहता है। शहरयार ने इस गाने के बोल लिखे थे और आशा ने इसे अपनी आवाज से सजाया था। जब भी उनके कुछ चुनिंदा बेहतरीन नगमों की बात होती है तो 'दिल चीज क्या है' सूची में जरूर शामिल होता है। यह गीत दिग्गज अभिनेत्री रेखा पर फिल्माया गया था।

#2

'दम मारो दम'

1971 में रिलीज हुई फिल्म 'हरे राम हरे कृष्ण' के गाने 'दम मारो दम' को भला कोई कैसे भूल सकता है। यह गाना जीनत अमान पर फिल्माया गया था। इसे आनंद बख्शी ने लिखा था और राहुल देव बर्मन ने इस गीत को संगीत दिया था। यह गाना अब तक कई बार रिक्रिएट किया जा चुका है। 1970 के दौर में यह जबरदस्त हिट हुआ था और आज भी लोग इसे गुनगुनाते दिखते हैं।

#3

'दो लफ्जों की है...'

आशा ताई का यह गीत कोई भुलाए नहीं भूल सकता। 1979 में आई फिल्म 'द ग्रेट गैम्ब्लर' का यह गाना रिलीज होते ही हिट हो गया था और आज भी खूब सुना जाता है। आशा ताई के बेहतरीन गानों की सूची इस गाने के बिना अधूरी है। आर डी बर्मन ने इसे संगीत दिया था और इसके खूबसूरत बोल आंनद बख्शी की कलम से निकले थे। आशा की खनकती आवाज ने इसमें चार चांद लगा दिए थे।

#4

'चुरा लिया है तुमने'

फिल्म 'यादों की बारात' के इस गाने पर लोगों ने खूब प्यार लुटाया। आशा ताई का यह गाना आज भी लोगों की पसंद बना हुआ है। इसका रिमिक्स भी आ चुका है और कई गायक इसे अपने-अपने अंदाज में पेश कर चुके हैं, लेकिन जो जादू आशा ताई ने चलाया, उसकी बराबरी कोई नहीं कर पाया। यह गाना विजय अरोड़ा और जीनत अमान पर फिल्माया गया था । यह आशा ताई के पसंदीदा गानों में से एक है।

#5

'कह दूं तुम्हें'

अगर आप आशा ताई के प्रशंसकों में शुमार हैं तो आपने उनका यह गाना तो बेशक सुना होगा। जाने-माने लेखक साहिर लुधियानवी ने इस गाने के खूबसूरत बोल लिखे थे। राहुल देव बर्मन ने इसे संगीतबद्ध किया था। यह रोमांटिक गीत शशि कपूर और नीतू कपूर पर फिल्माया गया था। 1975 में आई फिल्म 'दीवार' के साथ-साथ यह गाना भी खूब लोकप्रिय हुआ। आशा ताई ने किशोर कुमार के साथ मिलकर यह गाना गाया था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

आशा ताई एक महान गायिका होने के अलावा बेहतरीन मिमिक्री आर्टिस्ट भी हैं। वह अपनी बहन और दिवंगत गायिका लता मंगेशकर और गुलाम अली की आवाज में भी गाने गा सकती हैं। ग्रैमी पुरस्कार के लिए नामांकन पाने वालीं आशा ताई पहली भारतीय गायिका हैं।