Loading...
'हनुमान अंश' के कारण कैंची धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब, निर्देशक ने की ये अपील
'हनुमान अंश' के निर्देशक ने साझा किया वीडियो

'हनुमान अंश' के कारण कैंची धाम में उमड़ा भक्तों का सैलाब, निर्देशक ने की ये अपील

Oct 05, 2026
11:21 am

क्या है खबर?

विशाल चतुर्वेदी की फिल्म 'हनुमान अंश' सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा रही, बल्कि इसने नीम करोली बाबा को लेकर लोगों के बीच आस्था की नई लहर जगा दी है। आलम यह है कि नैनीताल स्थित कैंची धाम में बाबा के आश्रम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। आश्रम के बाहर लोगों की खंचाखच भीड़ को देखा जा सकता है। अब फिल्म के निर्देशक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करके श्रद्धालुओं से खास अपील की है।

सुझाव

निर्देशक ने श्रद्धालुओं को दिया ये सुझाव

विशाल ने कहा, "कैंची धाम में बहुत ज्यादा भीड़ है और लोगों का कहना है कि वह 'हनुमान अंश' देखकर वहां पहुंच रहे हैं। अगर ऐसा है तो और नहीं है तो भी हम सबको, जो हम कैंची धाम जाते हैं। हमें वहां की परिस्थिति का पता करके ही जाना चाहिए।"

उन्होंने श्रद्धालुओं को सुझाव दिया कि जो लाेग कैंची धाम नहीं जा पा रहे, वो नीम करौली गांव और वृंदावन जा सकते हैं जहां बाबा ने समाधि ली थी।

अपील

श्रद्धालुओं को दूसरी जगह पर विचार करने की अपील की

निर्देशक ने आगे कहा, "मेरी विनम्र अपील है कि अगर वहां बहुत ज्यादा भीड़ है, तो कृपया दूसरी जगह जाने पर विचार करें। ऐसी स्थिति का हिस्सा न बनें, जहां महिलाओं और बच्चों को घुटन महसूस हो या ट्रैफिक जाम में फंसना पड़े।"

बता दें, 2 अक्टूबर को सरकारी छुट्‌टी और फिर वीकेंड को देखते हुए तमाम श्रद्धालु उत्तर प्रदेश, दिल्ली-NCR, हरियाणा व पंजाब से उत्तराखंड घूमने पहुंचे थे।

इस कारण भीमताल, भवाली के आसपास सड़कों पर जाम लग गया।

ADVERTISEMENT