Page Loader
ओडिशा में 'बच्चन पांडे' की स्क्रीनिंग को जबरन रोका गया, जानिए मामला
ओडिशा में 'बच्चन पांडे' की स्क्रीनिंग को जबरन रोका

ओडिशा में 'बच्चन पांडे' की स्क्रीनिंग को जबरन रोका गया, जानिए मामला

Mar 21, 2022
09:46 pm

क्या है खबर?

अक्षय कुमार की 'बच्चन पांडे' होली के अवसर पर 18 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इस फिल्म को विवेक रंजन अग्निहोत्री की 'द कश्मीर फाइल्स' से तगड़ी टक्कर मिल रही है। 'द कश्मीर फाइल्स' 11 मार्च को दर्शकों के बीच आई थी। रिपोर्ट की मानें तो ओडिशा के एक मल्टीपलेक्स में कुछ शरारती तत्त्वों ने 'बच्चन पांडे' की स्क्रीनिंग को जबरन रोका है। उन्होंने 'बच्चन पांडे' की जगह 'द कश्मीर फाइल्स' की स्क्रीनिंग पर जोर दिया।

वायरल वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है हंगामे का वीडियो

सोशल मीडिया पर कल से ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बदमाशों का एक समूह मल्टीप्लेक्स में घुसता हुआ दिख रहा है। वे 'बच्चन पांडे' की स्क्रीनिंग के दौरान थिएटर में प्रवेश कर जाते हैं और जमकर हंगामा करते हैं। वे मल्टीप्लेक्स प्रबंधन को फिल्म की स्क्रीनिंग रोकने के लिए मजबूर करते हैं। उन्हें यह मांग करते हुए भी देखा जा सकता है कि इसके बजाय 'द कश्मीर फाइल्स' को चलाया जाए।

हरकत

दर्शकों को थिएटर से बाहर जाने पर किया गया मजबूर

इस वीडियो में कुछ शरारती तत्व के लोग 'जय श्रीराम' के नारे लगाते हुए दिखे। वे 'भारत माता की जय' के नारे लगाते हुए भी नजर आए। एक जगह लोग कहते हुए दिखे, "हिन्दुस्तान में रहना होगा, जय श्रीराम कहना होगा।" वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि इन्होंने ने फिल्म देख रहे दर्शकों को भी थिएटर से बाहर जाने पर मजबूर किया। इनके द्वारा पूरा थिएटर खाली करवा दिया गया।

घटना

संबलपुर में स्थित Eylex Cinemas में हुई यह घटना

बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, यह घटना ओडिशा के संबलपुर में स्थित Eylex Cinemas में हुई है। जब हंगामे को लेकर पूछा गया तो इस मल्टीप्लेक्स के एक सूत्र ने कहा, "हम एक ऐसी दुनिया में रहते हैं, जहां सब कुछ होता है। रूस ने यूक्रेन पर हमला किया और दुनिया कुछ नहीं कर रही है। तो आप कल्पना कर सकते हैं कि भारत जैसे देश में जहां 130 करोड़ लोग रहते हैं, सभी के अपने-अपने हित हैं। बस इतना ही।"

चुनौती

'बच्चन पांडे' को 'द कश्मीर फाइल्स' से मिल रही चुनौती

'द कश्मीर फाइल्स' से क्लैश के कारण 'बच्चन पांडे' की कमाई पर असर पड़ा है। स्क्रीन काउंट के साथ फिल्म के शोज भी कम हुए हैं। अनुपम खेर अभिनीत 'द कश्मीर फाइल्स' रिलीज के पहले हफ्ते बाद ही 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो गई थी। इस फिल्म ने अबतक 167 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं, 'बच्चन पांडे' ने करीब 37 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।

भूमिका

'बच्चन पांडे' में गैंगस्टर के रोल में अक्षय ने जीता दिल

'बच्चन पांडे' को फिल्ममेकर साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म से अक्षय का लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। अक्षय इस फिल्म में उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गैंगस्टर बच्चन पांडे के रोल में नजर आए हैं। फिल्म में अक्षय के अलावा कृति सैनन, अरशद वारसी, पंकज त्रिपाठी, संजय मिश्रा और जैकलीन फर्नांडिस मुख्य भूमिकाओं में दिखे हैं। यह तमिल फिल्म 'जिगरथंडा' की हिन्दी रीमेक है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

सोशल मीडिया पर 'बच्चन पांडे' के बायकॉट की मांग भी उठ चुकी है। एक खास वर्ग को लगता है कि फिल्‍म हिन्दुओं और पंडितों का अपमान करती है। फिल्म में पंडित को खूंखार विलेन के रूप में दिखाने पर आपत्ति जताई गई है।