
क्या 'जाने तू... या जाने ना' का आएगा सीक्वल? जेनेलिया डिसूजा ने बताया
क्या है खबर?
इमरान खान और जेनेलिया डिसूजा की फिल्म 'जाने तू... या जाने ना' हिंदी सिनेमा की सबसे रोमांटिक फिल्मों में से एक है।
यह फिल्म 4 जुलाई, 2008 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसे दर्शकों का खूब प्यार मिला। इस फिल्म के सह-निर्माता आमिर खान थे।
दर्शक पिछले लंबे समय से 'जाने तू... या जाने ना' के सीक्वल की मांग कर रहे हैं।
अब जेनेलिया ने फिल्म की दूसरी किस्त पर प्रतिक्रिया दी है।
बयान
जेनेलिया ने कही ये बात
जूम के साथ खास बातचीत में जेनेलिया ने कहा, "मैं टीम और अभिनेता के साथ एक बार फिर से काम करना पसंद करूंगी। यह निर्माताओं का फैसला है। जो उन्हें सही लगे वही सही होगा। मैं आने वाले समय में एक प्रेम कहानी बनाना चाहती हूं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि 'जाने तू... या जाने ना' का दूसरा भाग हो। यह एक अन्य प्रोजेक्ट भी हो सकता है।"
'जाने तू... या जाने ना' का निर्देशन अब्बास टायरवाला ने किया था।
कलाकार
'जाने तू... या जाने ना' ने कमाए थे इतने करोड़ रुपये
'जाने तू... या जाने ना' में इमरान और जेनेलिया के अलावा प्रतीक बब्बर, परेश रावल, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अरबाज खान और सोहेल खान जैसे कलाकार भी नजर आए थे।
इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 55.36 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि फिल्म का बजट 15 करोड़ रुपये था। दुनियाभर में यह फिल्म 82.10 करोड़ रुपये कमाने में सफल रही।
'जाने तू... या जाने ना' को आप OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं।
जानकारी
'सितारे जमीन पर' में नजर आएंगी जेनेलिया
जेनेलिया जल्द ही फिल्म 'सितारे जमीन पर' में नजर आएंगी। उनकी यह फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें जेनेलिया की जोड़ी पहली बार आमिर खान के साथ बनी है। फिल्म के निर्देशन की कमान आरएस प्रसन्ना ने संभाली है