तुकाराम मुंढे का अगला निशाना हाेगा मुंबई के शूटिंग स्थल? FWICE ने पत्र लिखकर की मांग
क्या है खबर?
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंढे खाद्य प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी चर्चा में हैं। इस बीच, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने एक पत्र लिखकर शूटिंग स्थलों पर परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। फेडरेशन ने FDA से मुंबई भर के शूटिंग स्थलों और खानपान सुविधाओं पर अचानक छापा मारने का आग्रह किया और बताया कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर कई साल से शिकायतें मिल रही हैं।
आग्रह
शूटिंग स्थल पर जुटे लोग पौष्टिक भोजन के हकदार
FWICE के महासचिव अशोक दुबे ने पत्र में लिखा, 'कर्मचारी, तकनीशियन और कलाकार शूटिंग स्थलों पर लंबे घंटे बिताते हैं, और वे अपने कार्यस्थल पर सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन के हकदार हैं। यह बुनियादी आवश्यकता है, विलासिता नहीं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'यह मनोरंजन उद्योग को चलाने वाले लोगों की गरिमा और कल्याण का मामला है। हमें उम्मीद है कि FDA इन शिकायतों का संज्ञान लेगा और निरीक्षण करेगा ताकि प्रोडक्शन हाउस और कैटरिंग एजेंसियों को जवाबदेह ठहराया जा सके।'
कार्रवाई
खानपान सेवाओं की जांच करने का किया अनुरोध
फेडरेशन ने गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी के साथ-साथ आसपास के इलाकों में स्थित अन्य फिल्म और टीवी स्थलों की अचानक जांच करने का अनुरोध किया।
भंडारण सुविधाओं और खानपान सेवाओं की जांच करने काे कहा, जिससे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने FDA से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए अनुरोध किया है कि उल्लंघन के लिए जिम्मेदार पाए गए उत्पादकों, खानपान प्रदाताओं या एजेंसियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।