Page Loader
अलविदा 2023: सिद्धार्थ आनंद से लेकर ओम राउत तक, इस साल सुर्खियों में रहे ये निर्देशक
इस साल चर्चा में रहने वाले बॉलीवुड निर्देशकों पर एक नजर

अलविदा 2023: सिद्धार्थ आनंद से लेकर ओम राउत तक, इस साल सुर्खियों में रहे ये निर्देशक

Dec 22, 2023
05:22 pm

क्या है खबर?

इस साल कई बॉलीवुड फिल्में बड़े पर्दे पर छाई रहीं। इन फिल्मों पर पर्दे पर लाने वाले इनके निर्देशक भी लगातार चर्चा में रहे। कई निर्देशकों ने पर्दे पर अपने प्रयोगों के लिए प्रशंसा बटोरी, कोई शानदार बॉक्स ऑफिस के कारण चर्चा में रहा तो कई निर्देशक आलोचनाओं का शिकार हुए। नजर डालते हैं इस साल से सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहने वाले निर्देशकों पर।

#1

सिद्धार्थ आनंद 

इस साल की शुरुआत शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' की जबरदस्त सफलता के साथ हुई थी। इसी फिल्म के साथ YRF ने अपने स्पाई यूनिवर्स की शुरुआत की। फिल्म के साथ ही फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। फिल्म में दीपिका पादुकोण के कपड़ों पर विवाद हुआ तो सिद्धार्थ पर भी उंगलियां उठीं। हालांकि, वह इस विवाद से कुशलता से निपटने में कामयाब हुए। इन दिनों सिद्धार्थ 'फाइटर' के लिए चर्चा में हैं।

#2

ओम राउत 

ओम राउत अपनी फिल्म 'आदिपुरुष' के लिए खूब चर्चा में रहे। उन्होंने रामायण पर आधारित इस फिल्म का जोर-शोर से प्रचार किया। हालांकि, धार्मिक भावनाओं को आहत करने के कारण वह विवादों में घिर गए। तिरुपति मंदिर परिसर में कृति सैनन को किस करने पर उनकी कड़ी आलोचना हुई। इसके बाद जब फिल्म रिलीज हुई तो इसके आपत्तिजनक चित्रण पर लोग भड़क गए और राउत को कठघरे में खड़ा कर दिया।

#3

अनिल शर्मा 

अनिल शर्मा इस साल करीब 20 साल पुरानी अपनी फिल्म के सीक्वल से छा गए। 2001 में आई उनकी फिल्म 'गदर एक प्रेमकथा' ने सिनेमाघरों में धूम मचाई थी। यह धूम इस साल आई इस फिल्म के सीक्वल 'गदर 2' के साथ भी देखने को मिली। इस फिल्म से अनिल के बेटे उत्कर्ष शर्मा ने भी मुख्य अभिनेता के तौर पर बॉलीवुड में कदम रखा था। अमीषा पटेल के साथ उनकी तनातनी भी चर्चा में रही।

#4 

एटली 

एटली दक्षिण भारतीय फिल्मों के मशहूर निर्देशक हैं। इस साल उन्होंने बॉलीवुड में भी हाथ आजमाया। अपनी पहली बॉलीवुड फिल्म शाहरुख के साथ करके वह सुर्खियों में रहे। एटली और शाहरुख की फिल्म 'जवान' सबसे ज्यादा कमाने वाली हिंदी फिल्म बन गई। एटली के साथ ही तमिल की सुपरस्टार नयनतारा ने भी बॉलीवुड का रुख किया है। यह फिल्म अपने सामाजिक संदेश और अपनी महिला कलाकारों के कारण भी चर्चा में रही।

#5 

संदीप रेड्डी वांगा 

साल के आखिर में संदीप रेड्डी वांगा खबरों में छा गए। उनकी फिल्म 'एनिमल' का काफी समय से इंतजार हो रहा था। जब फिल्म रिलीज हुई तो शुरुआत में फिल्म में रणबीर कपूर की खूब तारीफ की गई। इसके बाद देखते ही देखते फिल्म में पुरुषों और महिलाओं के चित्रण को लेकर फिल्म विवादों में घिर गई। सोशल मीडिया पर लोगों ने वांगा पर फिल्म में 'अल्फा मेल' के चित्रण के लिए खूब उंगलियां उठाईं।