ऋचा चड्ढा ने इन फिल्मों से बनाया दर्शकों को अपना मुरीद
क्या है खबर?
बॉलीवुड की बेबाक और बिंदास अभिनेत्री ऋचा चड्ढा 18 दिसंबर को अपना 35वां जन्मदिन मना रही हैं।
फिल्म 'ओए लकी लकी ओए' से 2018 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वालीं ऋचा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर फिल्म दर फिल्म सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही हैं। ऋचा ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक भूमिकाएं निभाई हैं।
आइए उनके शानदार अभिनय से सजीं पांच फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।
#1
'गैंग्स ऑफ वासेपुर'
यह वो फिल्म थी, जिसने ऋचा को दर्शकों के बीच एक अलग पहचान दी। 2012 में आई इस फिल्म में उनका किरदार काफी दमदार था। उन्होंने भी 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' के लिए उतनी ही सुर्खियां बटोरीं, जितनी मनोज बाजपेयी या नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने।
फिल्म में गैंगस्टर की पत्नी नगमा खातून की भूमिका में ऋचा ने कुछ यूं जान फूंकी कि उन्हें इसके लिए फिल्मफेयर पुरस्कार से नवाजा गया।
यह क्राइम एक्शन थ्रिलर फिल्म अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी थी।
#2
'फुकरे'
फिर आई 'फुकरे', जो 2013 में रिलीज हुई। भले ही फिल्म को ओपनिंग अच्छी नहीं मिली, लेकिन आगे चलकर यह फिल्म हिट साबित हुई। फिल्म में भोली पंजाबन का किरदार निभाकर ऋचा ने सिने दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई।
उनका यह किरदार इतना हिट हुआ कि उन्हें सब भोली पंजाबन कहकर भी संबोधित करने लगे।
फिल्म इतनी लोकप्रिय हुई कि इसका दूसरा पार्ट भी बना और अब 'फुकरे 3' भी जल्द ही दर्शकों के बीच होगी।
#3
'मसान'
नीरज घेवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2015 में दर्शकों के बीच आई, जिसके जरिए ऋचा ने फिर अपने अभिनय का लोहा मनवाया। फिल्म में उन्होंने अपना किरदार पूरी शिद्दत से पर्दे पर उतारा था।
विक्की कौशल, संजय मिश्रा और श्वेता त्रिपाठी हर किसी ने कमाल का काम किया, लेकिन ऋचा ने देवी पाठक का मुख्य किरदार निभाकर दर्शकों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया था।
फिल्म समीक्षकों ने तो इसे ऋचा के करियर की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस बताया था।
#4
'सरबजीत'
उमंग कुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2016 में आई थी। फिल्म में ऋचा ने सरबजीत की पत्नी सुखप्रीत कौर का किरदार निभाया था और इसके लिए उन्होंने दूसरी बार फिल्मफेयर पुरस्कार अपने नाम किया था।
ऋचा ने फिल्म में खुद को जिस तरह सुखप्रीत के किरदार में डाला, वो काबिल-ए-तारीफ था। सरबजीत की भूमिका में रणदीप हुड्डा थे और उन्होंने भी फिल्म में शानदार काम किया था।
फिल्म में ऐश्वर्या राय, सरबजीत की बहन की भूमिका में थीं।
#5
'पंगा'
यह फिल्म 2020 में रिलीज हुई थी और इसकी लीड हीरोइन थीं कंगना रनौत। अश्विनी अय्यर तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म स्पोर्ट्स ड्रामा पर आधारित है।
ऋचा ने फिल्म में कंगना उर्फ जया निगम की दोस्त मीनू सिंह और कबड्डी कोच का किरदार निभाया था।
उनकी भूमिका भले ही छोटी थी, लेकिन ऋचा ने अपनी दमदार एक्टिंग से अपने किरदार में जान डाल दी थी। फिल्म को दर्शकों से लेकर समीक्षकों तक का भरपूर प्यार मिला था।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
ऋचा फिल्म 'अभी तो पार्टी शुरू हुई है' में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है और इसकी कहानी भी उन्होंने ही लिखी है। इसमें ऋचा के साथ पंकज त्रिपाठी और कुमुद मिश्रा नजर आएंगे। फिल्म में ऋचा कॉमेडी करती दिखेंगी।