
आशा पारेख से लेकर वहीदा रहमान तक, ये हैं बॉलीवुड की 5 सबसे उम्रदराज अभितेत्रियां
क्या है खबर?
बॉलीवुड दुनिया की सबसे मशहूर फिल्म इंडस्ट्री में से एक है, जिसने न जाने कितनी ही महान अभिनेत्रियों की जिंदगी बनाई है। पुराने समय की अभिनेत्रियों ने इस इंडस्ट्री को सफलता के शिखर पर पहुंचाने में खासा योगदान दिया था। जहां नई पीढ़ी की अभिनेत्रियां बड़े पर्दे पर धमाल मचा रही हैं, वहीं कुछ दिग्गज अभिनेत्रियां आज भी लोगों की प्रेरणा बनी हुई हैं। आइए आज हम बॉलीवुड की 5 सबसे उम्रदराज अभिनेत्रियों के बारे में बात करते हैं।
#1
कामिनी कौशल
कामिनी कौशल बॉलीवुड की सबसे उम्रदराज अभिनेत्री हैं, जो 98 साल की हो गई हैं। उनका जन्म 24 फरवरी, 1927 में हुआ था और उन्होंने 'नीचा नगर' फिल्म से 1946 में बॉलीवुड में कदम रखा था। कामिनी ने 'ब्लैक एंड वाइट' फिल्मों से शुरुआत की थी और वह आखिरी बार कबीर सिंह में नजर आई थीं। उन्होंने अपने करियर के दौरान दिलीप कुमार और राज कपूर जैसे कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया और सभी की चहीती बन गईं।
#2
वैजयन्ती माला
इस सूची में दूसरा नाम वैजयन्ती माला का है, जो बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री और भरतनाट्यम नृत्यांगना हैं। इस साल उन्होंने 14 अगस्त को अपना 92वां जन्मदिन मनाया है। उनके करियर की शुरुआत 1949 में हुई थी, जब वह तमिल फिल्म 'वाजकई' में नजर आई थीं। इसके बाद 1951 की हिंदी फिल्म 'बहार' ने उन्हें बॉलीवुड में जगह दिलाई। उन्होंने 1970 की फिल्म 'गंवार' के बाद बॉलीवुड से विदा ले ली थी।
#3
वहीदा रहमान
वहीदा रहमान भले ही 87 साल की हो गई हैं, लेकिन आज भी बॉलीवुड की सबसे आदरणीय कलाकार मानी जाती हैं। उन्होंने 1955 में 'रोजुलु मरायी' नाम की तेलुगु फिल्म से करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, गुरु दत्त ने उनकी प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें 1956 में CID फिल्म में काम दिया था। उन्हें उनकी कला के चलते पद्मश्री, पद्मा भूषण और दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित भी किया जा चुका है।
#4
आशा पारेख
आशा पारेख 1960 के दशक की सबसे प्रसिद्ध अभिनेत्री हुआ करती थीं, जिन्हें लोग प्यार से 'लकी मैस्कॉट' और '60 के दशक की स्वीटहार्ट' कहकर पुकारा करते थे। 'तीसरी मंजिल', 'कारवां' और 'लव इन टोक्यो' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देनी वालीं आशा बॉलीवुड की 'हिट गर्ल' भी कहलाती थीं। वह 82 साल की हो गई हैं और सालों से फिल्म इंडस्ट्री से दूर हैं, लेकिन आज भी लाखों लोगों को प्रेरणा दे रही हैं।
#5
सायरा बानो
1960 के दशक की सबसे खूबसूरत अभिनेत्री सायरा बानो आज भी लाखों के दिलों पर राज करती हैं। उनकी उम्र अब 81 साल हो गई है और वह कई स्वास्थ्य समस्याओं का भी सामना कर रही हैं। हालांकि, एक समय था जब वह बॉलीवुड की सबसे मशहूर अदाकारा हुआ करती थीं। 1961 में उनकी पहली फिल्म 'जंगली' रिलीज हुई थी, जिसके बाद वह सफलता की सीढ़ियां चढ़ती गईं। बॉलीवुड को अलविदा कहने से पहले वह 'फैसला' में नजर आई थीं।