पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर ने की अपनी बायोपिक की घोषणा
जब भी दुनिया के महानतम तेज गेंदबाजों का जिक्र होगा, तो पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर का नाम जरूर लिया जाएगा। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर में कई मील के पत्थर हासिल किए हैं। अब एक ऐसी खबर आई है, जिसे जानकर उनके प्रशंसकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। शोएब ने खुद रविवार को अपनी बायोपिक फिल्म की घोषणा कर दी है। इसमें उनके जीवन के सफर को फिल्माया जाएगा।
शोएब ने ट्विटर पर शेयर की जानकारी
शोएब ने ट्विटर पर एक अनाउंसमेंट वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह रेल की पटरी पर दौड़ते दिखे हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'इस खूबसूरत सफर की शुरुआत। मेरी कहानी, मेरी जिंदगी, मेरी बायोपिक 'रावलपिंडी एक्सप्रेस- रनिंग अगेंस्ट द ऑड्स' के लॉन्च की घोषणा कर रहा हूं। आप एक ऐसी सवारी के लिए तैयार हैं, जिसे आपने पहले कभी नहीं लिया है। यह किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी के बारे में पहली विदेशी फिल्म है।'
यहां देखिए अनाउंसमेंट वीडियो
अगले साल 16 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
खतरनाक रफ्तार से गेंदबाजी करने के कारण लोग उन्हें रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से पुकारते थे। यही उनका निकनेम भी है। यही वजह है कि फिल्म का शीर्षक 'रावलपिंडी एक्सप्रेस' रखा गया है। यह फिल्म अगले साल 16 नवंबर को दर्शकों के बीच आएगी। मोशन पोस्टर में केवल फिल्म के निर्देशक का नाम बताया गया है। इसका निर्देशन मोहम्मद फराज कैसर करेंगे। फिल्म की स्टारकास्ट की घोषणा नहीं की गई है।
ऐसा रहा शोएब का क्रिकेट करियर
शोएब ने 1997 से 2011 तक पाकिस्तान के लिए क्रिकेट खेला है। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 46 टेस्ट में 25.7 की औसत से 178 विकेट लिए हैं। दूसरी तरफ 163 वनडे में उन्होंने 24.98 की औसत से 247 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा उन्होंने 15 टी-20 मैचों में 19 विकेट भी लिए हैं। शोएब बहुत तेज गति से गेंदबाजी करते थे और चोटिल होते रहते थे, इसीलिए वह अपने टेस्ट करियर में सिर्फ 46 टेस्ट ही खेल सके।
न्यूजबाइट्स प्लस
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज गति की गेंद का रिकॉर्ड शोएब के नाम दर्ज है। उन्होंने 2003 में खेले गए वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के निक नाइट के खिलाफ 161.30 किमी/घंटा की गति से गेंद फेंकी थी।
इन विवादों से रहा शोएब का नाता
क्रिकेट जगत में शोएब एक विवादित शख्सियत के तौर पर जाने जाते हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में मैदान पर खिलाड़ियों को गाली देने की बात स्वीकारी थी। 2003 में पॉल एडम्स ने उन पर गाली देने का आरोप लगाया था। शोएब पर गेंद से छेड़छाड़ करने और अपने साथी खिलाड़ियों को पीटने के भी आरोप लगे। कई वजहों से उन पर बैन और जुर्माने भी लगाए गए। पूर्व पाकिस्तानी गेंदबाज वकार यूनिस के साथ उनका झगड़ा काफी चर्चा में रहा।