ये हैं बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग में इस्तेमाल हुए पांच सबसे महंगे सेट
क्या है खबर?
बॉलीवुड फिल्में अपनी भव्यता के लिए जानी जाती हैं। एक अच्छी फिल्म बनाने के लिए कई सारी चीजों का ध्यान रखना पड़ता है।
एक अच्छी फिल्म के लिए अच्छी स्क्रिप्ट, बेहतरीन एक्टिंग, अच्छा बैकग्राउंड म्यूजिक और सटीक एडिटिंग की जरुरत होती है, लेकिन इन सबमें सबसे जरुरी फिल्म का सेट होता है, जो फिल्म के वातावरण में वास्तविकता लाता है।
ऐसे में आज हम आपको बॉलीवुड फिल्मों के पांच सबसे अच्छे और महंगे सेट के बारे में बताएंगे।
आइए जानें।
#1
मुगल-ए-आजम (1960)
के. आशिफ द्वारा निर्देशित फिल्म 'मुगल-ए-आजम' 1960 में आई थी और यह उस समय की सबसे महंगी फिल्म थी।
फिल्म के एक गाने 'जब प्यार किया तो डरना क्या' को लाहौर किले के शीश महल जैसे दिखने वाले सेट पर शूट किया गया था।
इस फिल्म के सेट को बनाने में दो साल का समय और उस समय 15 लाख रुपये लगे थे।
आपको बता दें कि उस जमाने में 15 लाख में एक पूरी फिल्म बन जाती थी।
#2
देवदास (2002)
संजय लीला भंसाली अपनी फिल्मों में भव्यता के लिए जाने जाते हैं। 'देवदास' भी उन्ही भव्य फिल्मों में से एक है।
इसमें 1930 के कोलकाता को दिखाया गया है। फिल्म के सेट को बनाने में नौ महीने का समय और 20 करोड़ रुपये लगे थे। अकेले 12 करोड़ रुपये केवल चंद्रमुखी का कोठा बनाने में लगा था।
भंसाली ने इस फिल्म में अपनी जान लगा दी थी और 'देवदास' उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी।
#3
सांवरिया (2007)
'देवदास' के बाद संजय लीला भंसाली फिल्मों से ज्यादा फिल्मों के महंगे सेट के लिए प्रसिद्ध हो चुके थे।
'सांवरिया' में भी यही देखने को मिला। फिल्म रिलीज से पहले ही अपने महंगे सेट की वजह से चर्चा का विषय बन चुकी थी। 'सांवरिया' रणबीर कपूर और सोनम कपूर की डेब्यू फिल्म थी।
फिल्म को बनाने में लगभग 45 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जिसमें से ज्यादातर हिस्सा सेट पर खर्च हुआ था। इसके बाद भी फिल्म चल नहीं पाई।
#4
जोधा-अकबर (2008)
आशुतोष गोवारिकर की 'जोधा-अकबर' एक पीरियड ड्रामा फिल्म थी, जिसमें मुगल बादशाह अकबर और हिंदू राजकुमारी जोधा की प्रेम कहानी को दिखाया गया है।
फिल्म के सेट पर गोवारिकर ने बहुत खर्च किया ताकि 1500 ईसवी के भारत को पर्दे पर अच्छे से दिखाया जा सके।
'जोधा अकबर' का भव्य सेट कर्जत में बनाया गया था, जहां पर फिल्म के ज्यादातर हिस्सों की शूटिंग की गई थी।
यह फिल्म भी बॉलीवुड की बड़ी हिट फिल्मों में से एक है।
#5
बाजीराव मस्तानी (2015)
हम पहले ही बता चुके हैं कि संजय लीला भंसाली की फिल्में अपनी भव्यता के लिए जानी जाती हैं। रणवीर और दीपिका की 'बाजीराव मस्तानी' में भी यही देखने को मिला।
यह फिल्म भी एक पीरियड ड्रामा है, जिसमें बाजीराव और मस्तानी की प्रेम कहानी को दिखाया गया है।
फिल्म के सेट को सुजीत श्रीराम और सलोनी ने मिलकर 45 दिनों में बनाया था। 'बाजीराव मस्तानी' फिल्म का सेट भी बॉलीवुड के सबसे महंगे फिल्म सेट में गिना जाता है।