LOADING...
टाइगर और दिशा के खिलाफ दर्ज हुई FIR, कोरोना नियमों के उल्लंघन का आरोप

टाइगर और दिशा के खिलाफ दर्ज हुई FIR, कोरोना नियमों के उल्लंघन का आरोप

Jun 03, 2021
11:34 am

क्या है खबर?

टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी इन दिनों चर्चा में हैं। दोनों मुश्किल में फंस गए हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक इन दोनों सितारों के खिलाफ मुंबई पुलिस ने FIR दर्ज की है। दरअसल, कर्फ्यू लगे होने के बावजूद दिशा और टाइगर हाल ही में अपनी कार में मुंबई की सड़कों पर घूम रहे थे। दोनों ने कोरोना नियमों का उल्लंघन किया है। लिहाजा उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई। आइए पूरा मामला जानते हैं।

शिकंजा

दोनों पर धारा 188 के तहत केस दर्ज हुआ

ANI के मुताबिक टाइगर और दिशा ने 1 जून को दोपहर 2 बजे के बाद मुंबई के बैंडस्टैंड पर कार से घूमते हुए पकड़े गए थे। वे बाहर निकलने की ठोस वजह नहीं बता पाए थे। पुलिस ने सारे पहलुओं की जांच के बाद दोनों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। दोनों पर धारा 188 के तहत केस दर्ज किया गया है। इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है क्योंकि यह जमानती अपराध की श्रेणी में है।

पूछताछ

मंगलवार को दिशा और टाइगर को मुंबई पुलिस ने रोका

महाराष्ट्र में 15 जून तक कोरोना कर्फ्यू है। सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक ही बाहर निकलने की छूट है। कोरोना के कारण लगे कर्फ्यू की वजह से इस तरह की कार्रवाई की गई थी। जिम में सेशन के बाद दिशा और टाइगर ड्राइव पर निकले थे। टाइगर पीछे बैठे थे, जबकि दिशा आगे की सीट पर थीं। पुलिस ने दोनों का आधार कार्ड चेक किया और दूसरी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें जाने दिया।

Advertisement

चर्चा

खूब सुर्खियां बटोरती हैं टाइगर और दिशा की नजदीकियां

दिशा और टाइगर पिछले काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दिशा इस साल मार्च में टाइगर के जन्मदिन पर उनके परिवार के साथ डिनर करती दिखी थीं। दोनों अक्सर साथ में नजर आते हैं। कभी डिनर डेट पर जाते हुए तो कभी टहलने के लिए साथ में निकल पड़ते हैं। बीते दिनों टाइगर और दिशा मालदीव में छुट्टियां मनाने के लिए भी गए थे और अब फिर उनके रिश्ते की हकीकत सामने आ गई है।

Advertisement

वर्कफ्रंट

ये हैं टाइगर और दिशा की आने वाली फिल्में

दिशा आजकल फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म की निर्माता एकता कपूर हैं और इसका निर्देशन कर रहे हैं मोहित सूरी। फिल्म में दिशा के साथ तारा सुतारिया भी नजर आएंगी, वहीं, अर्जुन कपूर और जॉन अब्राहम भी मुख्य भूमिका में होंगे। दूसरी तरफ टाइगर फिल्म 'गणपत' में दिखने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ कृति सैनन नजर आएंगी। इसके अलावा टाइगर 'बागी 4' और 'हीरोपंती 2' में मुख्य भूमिका निभाते दिखेंगे।

Advertisement