LOADING...
भोजपुरी गायक बाबुल बिहारी गिरफ्तार, नाबालिग से रेप का आरोप
बाबुल बिहारी गिरफ्तार (तस्वीर: इंस्टाग्राम)

भोजपुरी गायक बाबुल बिहारी गिरफ्तार, नाबालिग से रेप का आरोप

Jun 09, 2023
04:08 pm

क्या है खबर?

भोजपुरी मनोरंजन जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। गायक बाबुल बिहारी को पुलिस ने रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है। बाबुल का असली नाम अभिषेक है। अभिषेक पर नाबालिग से रेप का आरोप है। इसके साथ ही उन पर पीड़िता की तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड करने का भी आरोप है। पीड़िता के परिवार ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई है, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

खबर

बहला फुसलाकर यौन शोषण करने का आरोप

रिपोर्ट्स के मुताबिक बाबुल को गुरुवार को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया है। मामला 2 साल पहले का है। आरोप है कि बाबुल ने 13 साल की एक लड़की के साथ दोस्ती की और उसे बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गया। होटल में लड़की के साथ दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी लीं। घटना के बाद पीड़िता ने बाबुल से दूरी बना ली और 2 साल तक यह बात सभी से छिपाए रखी।

खुलासा 

2 साल बाद कैसे सामने आया मामला?

इस घटना का खुलासा तब हुआ जब कुछ दिन पहले बाबुल ने लड़की की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर दीं। जब ये तस्वीरें लड़की के परिवार तक पहुंचीं तो उन्होंने लड़की से इस बारे में पूछा। दबाव बढ़ने पर लड़की ने पूरा किस्सा अपने परिवारवालों को सुना दिया। इसके बाद परिवार ने पुलिस में बाबुल के खिलाफ FIR दर्ज कराई और उन्हें गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया गया।

Advertisement

FIR

POCSO के तहत FIR

जब पीड़िता का परिवार मदद के लिए पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने तुरंत इस पर कार्रवाई की। मामले में FIR दर्ज करने के साथ ही पीड़िता की काउंसेलिंग की गई। बाबुल के खिलाफ बाल यौन अपराध संरक्षण एक्ट (POCSO) और IT एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है। जल्द ही गायक को कोर्ट में पेश किया जाएगा। अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होती है।

Advertisement

परिचय

कौन है बाबुल बिहारी?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह एक केबल टेलीविजन नेटवर्क कंपनी में भी काम करते हैं। 21 साल के अभिषेक यूट्यूबर और गायक हैं। वह अपने लिए 'बाबुल बिहारी' नाम का इस्तेमाल करते हैं। यूट्यूब पर उसके 27,000 से अधिक सब्सक्राइबर हैं। उनके कई भोजपुरी गाने काफी चर्चित रहे। वह इंस्टाग्राम पर भी काफी सक्रिय है। म्यूजिक वीडियोज के अलावा वह व्लॉग बनाने का भी शौकीन है। सोशल मीडिया अकाउंट से मालूम पड़ता है कि वह खेसारी लाल के प्रशंसक हैं।

Advertisement