LOADING...
प्रकाश झा के पिता तेजनाथ झा का निधन, 95 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
प्रकाश झा के पिता का निधन

प्रकाश झा के पिता तेजनाथ झा का निधन, 95 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

Jul 26, 2023
06:26 pm

क्या है खबर?

फिल्म निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा के पिता तेजनाथ झा का निधन हो गया है। वह 95 वर्ष के थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने बिहार में अपने घर पर आखिरी सांस ली। वह बीते कुछ समय से बीमार थे। तेजनाथ झा एक प्रशासनिक अधिकारी थे। अपने आखिरी वक्त में वह अपने घर पर अपने प्रियजनों के साथ थे। प्रकाश के पिता के निधन की खबर ने फिल्म जगत को शोक में डाल दिया है।

खबर

सोमवार को ही अस्पताल से मिली थी छुट्टी

खबरों के अनुसार, तेजनाथ कुछ समय से बीमार थे और पटना के एक बड़े अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार को ही उन्हें अस्पताल से घर लाया गया था। मंगलवार को उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। उनकी हालत बिगड़ता देखकर परिजनों ने उन्हें फिर से अस्पताल ले जाने का फैसला किया। इससे पहले कि अस्पताल जाते, तेजनाथ का देहांत हो गया। यह सूचना मिलते ही प्रकाश अपने परिवार के साथ अपने गृहनगर पहुंच गए।

प्रकाश झा 

सामाजिक-राजनीतिक फिल्मों के लिए मशहूर हैं प्रकाश

प्रकाश झा सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि पर फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 'गंगाजल', 'अपहरण', 'सत्याग्रह' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। उनकी फिल्मों खासतौर से बिहार की झलक और राजनीति दिखाई देती है। 2010 में आई उनकी फिल्म 'राजनीति' काफी लोकप्रिय रही थी। महाभारत की कहानी को केंद्र में रखकर बनाई गई इस फिल्म में अजय देवगन, नाना पाटेकर, रणबीर कपूर, अर्जुन रामपाल, मनोज बाजपेयी और कैटरीना कैफ नजर आए थे।

Advertisement

वेब सीरीज 

OTT पर 'आश्रम' से जमाई धाक

लोकप्रिय वेब सीरीज 'आश्रम' से प्रकाश OTT पर भी अपनी धाक जमा चुके हैं। इस सीरीज के 3 सीजन आ चुके हैं और चौथे पर काम चालू है। सीरीज में 'बाबा निराला' की भूमिका में बॉबी देओल को काफी सराहना मिली है। उनकी वेब सीरीज 'लाल बत्ती' भी सुर्खियों में है। इस सीरीज में नाना पाटेकर मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में उनकी शॉर्ट फिल्म 'हाइवे नाइट्स' अमेजन प्राइम वीडियो पर आई है।

Advertisement

अन्य सितारे

इन सितारों ने भी किया इस दुख का सामना

प्रकाश के पिता के निधन से फिल्म जगत के उनके साथी दुखी हैं। कुछ समय पहले अभिनेता आयुष्मान खुराना और अपारशक्ति खुराना ने भी ऐसी ही मुश्किल घड़ी का सामना किया था। मई में उनके पिता और ज्योतिषाचार्य पी खुराना का चंडीगढ़ में निधन हो गया था। इसी साल अप्रैल में फिल्म निर्माता आदित्य चोपड़ा और उनके भाई उदय चोपड़ा ने अपनी मां पामेला चोपड़ा को खो दिया था। उनके जाने से सारा बॉलीवुड शोक में था।

Advertisement